NEET UG परीक्षा पैटर्न में बड़े बदलाव की तैयारी। नीट-यूजी परीक्षा साल में एक से अधिक बार आयोजित होगी। 12वीं बोर्ड के अंकों को मेडिकल दाखिले में वेटेज मिलेगा।
प्रश्नपत्र लीक रोकने के लिए डिजिटल व्यवस्था पर विचार हो रहा है। डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों के लिए नीट-यूजी की परीक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी है।
कई राज्यों ने केवल नीट-यूजी के अंकों पर निर्भर रहने के बजाय 12वीं बोर्ड परीक्षा के अंकों को भी कुछ वेटेज देने का सुझाव दिया है। इसके अलावा, छात्रों पर एक ही परीक्षा का दबाव कम करने के लिए साल में एक से अधिक बार नीट-यूजी आयोजित करने की सिफारिश की गई है। ये सुझाव इन्फोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता वाले परीक्षा सुधार कार्यबल को दिए गए हैं।
एक सूत्र , कुछ राज्यों का मानना है कि मेडिकल दाखिले के लिए केवल एक प्रवेश परीक्षा पर निर्भरता उचित नहीं है। साल में एक से अधिक बार परीक्षा होने से छात्रों को बेहतर प्रदर्शन के अधिक अवसर मिल सकेंगे। हालांकि, कार्यबल ने अभी सभी राज्यों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनके सुझाव नहीं लिए हैं।
ऐसे में इन प्रस्तावों पर अंतिम फैसला होना बाकी है। केंद्र सरकार ने इसी महीने कार्यबल का कार्यकाल बढ़ाकर जनवरी 2027 तक कर दिया है। नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक विवाद के बाद जुलाई में गठित छह सदस्यीय समिति को छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों, शिक्षण संस्थानों, विषय विशेषज्ञों और परीक्षा एजेंसियों सहित विभिन्न पक्षों से 50 हजार से अधिक सुझाव मिले हैं।
समिति को पहले अक्टूबर 2026 तक अपनी रिपोर्ट सौंपनी थी, लेकिन व्यापक विचार-विमर्श के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। कार्यबल राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के उपायों पर भी विचार कर रहा है। इनमें प्रश्नपत्र लीक रोकने के लिए तकनीक का इस्तेमाल प्रमुख है।
प्रस्तावों के तहत प्रश्नपत्रों का सुरक्षित डिजिटल भंडार तैयार करने, पूरे साल प्रश्नों का बड़ा संग्रह विकसित करने और परीक्षा से कुछ समय पहले डिजिटल माध्यम से परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्र पहुंचाने जैसे विकल्प शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 जुलाई 2026 को इस कार्यबल के गठन की घोषणा की थी।
समिति में नीलेकणि के अलावा इसरो के पूर्व अध्यक्ष एस. सोमनाथ, इंटेलिजेंस ब्यूरो के पूर्व निदेशक तपन डेका, आइआइटी मद्रास के निदेशक वी. कामकोटि, पूर्व शिक्षा सचिव अनिता करवाल और लॉजिस्टिक्स विशेषज्ञ अमृत लाल मीणा शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं