भारतीय क्रिकेट में अपनी प्रतिभा से कम उम्र में पहचान बनाने वाले पृथ्वी शॉ एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह मैदान पर उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह के बयान पर उनकी प्रतिक्रिया है। योगराज ने पृथ्वी शॉ के करियर में आई गिरावट के लिए उनकी कथित जीवनशैली को जिम्मेदार ठहराया था।
अब पृथ्वी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर ऐसे लोगों को चेतावनी दी है, जो उनके निजी जीवन और अतीत को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि जरूरत पड़ने पर वह कानूनी रास्ता अपनाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। योगराज सिंह ने पृथ्वी शॉ की तुलना विनोद कांबली से की योगराज सिंह ने हाल ही में एक बातचीत के दौरान पृथ्वी शॉ के करियर में आई गिरावट पर अपनी राय रखी थी।
उन्होंने शॉ की तुलना पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली से करते हुए कहा था कि दोनों खिलाड़ियों के पास काफी प्रतिभा थी लेकिन उनकी जीवनशैली ने उनके करियर को प्रभावित किया। योगराज ने पार्टी करने, शराब पीने, धूम्रपान और गलत संगत को पृथ्वी शॉ के करियर में आई गिरावट की वजह बताया था।
उन्होंने कांबली का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रतिभाशाली होने के बावजूद अनुशासन की कमी खिलाड़ियों के करियर को नुकसान पहुंचा सकती है। उनके इस बयान के बाद पृथ्वी शॉ ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। पृथ्वी शॉ ने इंस्टाग्राम पर जारी बयान में कहा कि उनका अतीत उनकी जिंदगी का हिस्सा है और उन्हें इसे लेकर कुछ छिपाने या शर्मिंदा होने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति के निजी जीवन और अतीत का इस्तेमाल जानबूझकर नकारात्मकता फैलाने या उसकी छवि खराब करने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। शॉ ने लिखा कि किसी की राय रखने और जानबूझकर किसी व्यक्ति को निशाना बनाने के बीच अंतर होता है। उन्होंने गलत, भ्रामक और मानहानिकारक टिप्पणियों को लेकर चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा करने वाले व्यक्ति या प्लेटफॉर्म के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
पृथ्वी शॉ ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि वह अपनी प्रतिष्ठा, सम्मान और निजी जिंदगी की रक्षा के लिए कानूनी विकल्पों का इस्तेमाल करने का अधिकार रखते हैं। उन्होंने कहा कि वह सम्मान के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं, लेकिन खुद के लिए आवाज उठाने से पीछे नहीं हटेंगे।
शॉ ने लिखा कि मेरी चुप्पी को कभी कमजोरी न समझें। मैं सम्मान के साथ आगे बढ़ना चाहता हूं, लेकिन अपने लिए खड़े होने में कभी पीछे नहीं हटूंगा। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं