न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने के बाद भारतीय टीम के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के फाइनल में पहुंचने की राह काफी मुश्किल हो गई है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम के पास अब सिर्फ छह टेस्ट बचे हैं। इनमें एक मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ और पांच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने हैं।
भारत को इन सभी मुकाबलों में जीत हासिल करने की कोशिश करनी होगी, लेकिन इसके बावजूद फाइनल का टिकट दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। भारत फिलहाल 50 प्रतिशत अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। उसके खाते में 12 टेस्ट से 72 अंक हैं।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने के लिए शीर्ष दो में रहना जरूरी है। भारत के लिए सबसे सीधा समीकरण बाकी सभी छह टेस्ट जीतना है। इसमें क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाला मुकाबला और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर पांच टेस्ट शामिल हैं।
ऐसा करने पर भारत का पॉइंट्स प्रतिशत 66. 67 हो जाएगा। हालांकि यह भी फाइनल में जगह की गारंटी नहीं है।
दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड को भी अंक गंवाने होंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5-0 से जीत के बाद क्या मुश्किल? भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज सबसे अहम होगी।
क्राइस्टचर्च टेस्ट जीतने के बाद अगर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया को घरेलू सीरीज में 5-0 से हरा देती है तो उसका फाइनल में पहुंचना पक्का नहीं होगा क्योंकि न्यूजीलैंड अगर अपने बचे हुए मैचों में सिर्फ चार जीत लेती है, तो भारत पीछे रह जाएगा। अगर भारत क्राइस्टचर्च टेस्ट जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया को 4-0 या 4-1 से हराता है तो उसका फाइनल का रास्ता दूसरी टीमों के परिणामों पर निर्भर करेगा।
वहीं ऑस्ट्रेलिया अगर न्यूजीलैंड को 4-0 से हराता है और भारत भी 4-0 से सीरीज जीतता है तो भारत शीर्ष दो में जगह बना लेगा। भारत अगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3-0 या इससे कम अंतर से जीत दर्ज करता है तो उसकी मुश्किलें बढ़ जाएंगी और टीम फाइनल की दौड़ से बाहर भी हो सकती है।
दक्षिण अफ्रीका फिलहाल 75 प्रतिशत अंकों के साथ पहले स्थान पर है। उसके छह टेस्ट बाकी हैं। पांच जीत या चार जीत और दो ड्रॉ उसे शीर्ष दो में पहुंचा देंगे।
न्यूजीलैंड को भी फाइनल में पहुंचने के लिए बाकी मैचों में कम से कम चार जीतने होंगे, ऐसा होते ही भारत फाइनल से बाहर हो जाएगा। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं