भारतीय क्रिकेट टीम के लिए न्यूजीलैंड दौरे टेस्ट सीरीज की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। वेलिंगटन में खेले गए पहले टेस्ट में टीम इंडिया जीत के बेहद करीब पहुंचने के बावजूद मुकाबला अपने नाम नहीं कर सकी। पहली पारी में विशाल स्कोर बनाने के बाद भी भारतीय गेंदबाज न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में आखिरी पांच विकेट नहीं निकाल पाए।
नतीजा यह हुआ कि पांच दिन तक चले मुकाबले का अंत ड्रॉ के रूप में हुआ। इस नतीजे से भारतीय कप्तान शुभमन गिल निराश थे, मैच के बाद उनकी चर्चा सिर्फ ड्रॉ तक सीमित नहीं रही। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के एक ऐसे नियम पर सवाल उठा दिया, जो कोरोना महामारी के समय लागू किया गया था।
शुभमन गिल ने बताया कि टेस्ट मैच में गेंद बहुत जल्दी नरम हो रही थी। उनके मुताबिक नई गेंद लगभग 20 से 25 ओवर के बाद ही अपनी कठोरता खोने लगी थी। इससे तेज गेंदबाजों के लिए विकेट हासिल करना मुश्किल हो गया।
गिल ने इंग्लैंड दौरे का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी उन्हें इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा था। भारतीय कप्तान जब गेंद नरम हो जाती है तो बल्ले का किनारा लगने के बाद भी गेंद फील्डर तक आसानी से नहीं पहुंचती। ऐसे में गेंदबाजों के लिए विकेट लेने के विकल्प सीमित हो जाते हैं।
गिल ने गेंद को चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल पर लगे प्रतिबंध को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि मुझे समझ नहीं आता कि गेंद को चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल क्यों नहीं किया जा सकता। कोविड महामारी को बीते कई साल हो चुके हैं।
अब भी इसकी अनुमति क्यों नहीं है? तेज गेंदबाज गेंद के एक हिस्से को चमकाकर स्विंग हासिल करने की कोशिश करते हैं। इसके लिए खिलाड़ी पहले लार और पसीने का इस्तेमाल करते थे।
गेंद के दोनों हिस्सों की सतह में अंतर होने से हवा में उसकी गति और दिशा प्रभावित होती है। खासकर टेस्ट क्रिकेट में पुरानी गेंद से रिवर्स स्विंग हासिल करने के लिए गेंद की एक तरफ चमक बनाए रखना अहम होता है। कोरोना महामारी के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ICC ने जून 2020 में गेंद पर लार लगाने पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया था।
उस समय संक्रमण के खतरे को कम करना इसका मुख्य उद्देश्य था। खिलाड़ियों को गेंद चमकाने के लिए पसीने का इस्तेमाल करने की छूट दी गई थी। इसके बाद सितंबर 2022 में ICC ने इस प्रतिबंध को स्थायी कर दिया।
यानी यह नियम केवल महामारी के दौरान लागू की गई अस्थायी व्यवस्था नहीं रहा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आज भी गेंद पर लार लगाने की अनुमति नहीं है। गिल की ताजा प्रतिक्रिया इसी फैसले को लेकर आई है।
आखिरी दिन भारतीय गेंदबाज नहीं निकाल सके पांच विकेट।
पाठक प्रतिक्रियाएं