भारत को उद्यमिता और स्वरोजगार के लिए एक मजबूत माहौल बनाकर नौकरी मांगने वालों की कतार छोटी करनी होगी। जब कामगारों के पास अच्छे विकल्प होंगे, तो नियोक्ताओं की कम वेतन देने की मनमानी खत्म हो जाएगी। प्रधानमंत्री ने फिक्की में उद्योग जगत को स्पष्ट फटकार लगाई।
उद्यमिता बढ़ाना और असुरक्षित गुणवत्ता रोकना ही समाधान है। स्थिर वेतन, दोहरे गुणवत्ता मानक प्रमुख आर्थिक समस्याएं हैं। विभू वत्स।
फिक्की के शताब्दी वर्ष सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उद्योग जगत को एक दुर्लभ और स्पष्ट फटकार लगाई। कारपोरेट टैक्स को 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत करने, 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को टैक्स-मुक्त करने और कई नीतिगत रियायतें देने के बाद, प्रधानमंत्री ने सवाल उठाया कि आखिर उद्योग जगत अब भी सारा भारी काम सरकार के ही भरोसे क्यों छोड़ता है?
चूंकि यह भाषण कारपोरेट दिग्गजों के बीच दिया गया था, इसलिए आम नागरिकों का ध्यान शायद इस पर नहीं गया। फिर भी, इसने उन तीन रोज़मर्रा की परेशानियों पर सीधा प्रहार किया, जिन्हें भारतीयों ने चुपचाप स्वीकार कर लिया है। पहली समस्या, स्थिर वेतन है।
सरकारी आंकड़े बताते हैं कि पिछले तीन वर्षों में वेतनभोगी भारतीयों की औसत मासिक आय सालाना केवल 5. 1% से 5. 8% तक ही बढ़ी है।
यह महंगाई की दर से मुश्किल से बराबरी कर पाती है और अक्सर उससे पिछड़ जाती है। क्या भारतीय कंपनियों के पास पैसे की कमी है? बिल्कुल नहीं।
यही कंपनियां वरिष्ठ अधिकारियों को भारी-भरकम पैकेज देती हैं। असली संकट सिर्फ धीमी वेतन वृद्धि नहीं है, बल्कि बोर्डरूम और बाकी कर्मचारियों के बीच बढ़ती खाई है। दूसरी समस्या, निर्यात गुंणवत्ता का दोहरा मापदंड।
समाचार और इंटरनेट मीडिया अक्सर देश में बिकने वाले घटिया और कभी-कभी खतरनाक खाद्य पदार्थों व उपभोक्ता वस्तुओं की पोल खोलते हैं जिनमें बड़े ब्रांड भी शामिल होते हैं। हमने एक अपमानजनक दोहरे मापदंड को सामान्य मान लिया है। सबसे बेहतरीन माल विदेशी बाज़ारों के लिए पैक किया जाता है, जबकि भारतीय उपभोक्ताओं से उम्मीद की जाती है कि वे किसी भी तरह के औसत दर्जे के सामान से काम चला लें।
तीसरी समस्या, 140 करोड़ के बाजार से पैदा हुई लापरवाही। बहुत से व्यवसाय इस स्वार्थी सोच पर चलते हैं कि उत्पाद चाहे कितना भी औसत दर्जे का क्यों न हो, इतने बड़े देश में कोई न कोई तो इसे खरीद ही लेगा। यह मानसिकता नवाचार को खत्म करती है, भारतीय ग्राहकों को ठगती है और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिस्पर्धात्मकता को कमजोर करती है।
प्रधानमंत्री की यह आलोचना तीखी और बहुत ज़रूरी है। लेकिन, सतह के नीचे झांकने पर सच्चाई कहीं अधिक जटिल दिखती है। ये केवल कारपोरेट जगत की अकेली गलतियां नहीं हैं, बल्कि भारत के सामाजिक-आर्थिक ढांचे में गहराई से जुड़ी हुई हैं।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं