आईपीएल अब सिर्फ क्रिकेट का टूर्नामेंट नहीं रह गया है। दुनिया भर की बड़ी निवेश कंपनियां भी इसमें अपनी दिलचस्पी दिखा रही हैं। हाल के दिनों में कई फ्रेंचाइजी की खरीद-बिक्री और उनकी बढ़ती कीमतों ने इस लीग को बड़े कारोबारी बाजार के रूप में स्थापित किया है।
अब इस कड़ी में कोलकाता नाइट राइडर्स का नाम भी चर्चा में है। शाहरुख खान की सह-मालिकाना हक वाली इस फ्रेंचाइजी में अमेरिकी निवेश कंपनी एंट्री करने जा रही है। खबर है कि जूही चावला के पति और टीम के सह-मालिक जय मेहता अपनी हिस्सेदारी का एक बड़ा हिस्सा बेचने वाले हैं।
इस डील की कीमत हजारों करोड़ रुपये बताई जा रही है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक जय मेहता अपनी मौजूदा 45 फीसदी हिस्सेदारी में से 22. 5 फीसदी हिस्सा अमेरिकी कंपनी एरेस मैनेजमेंट को बेच रहे हैं।
इस सौदे की कीमत करीब 400 मिलियन डॉलर यानी लगभग 3,739 करोड़ रुपये बताई गई है। एरेस मैनेजमेंट एक निवेश प्रबंधन कंपनी है, जिसकी खेल जगत में भी मौजूदगी है। इसका नाम इंग्लिश फुटबॉल क्लब चेल्सी और अमेरिकी एनएफएल टीम मियामी डॉल्फिन्स से जुड़े निवेशों के साथ भी सामने आता रहा है।
इस सौदे के बाद भी शाहरुख खान की हिस्सेदारी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उनके पास KKR का 55 फीसदी हिस्सा बना रहेगा। वहीं, जय मेहता की हिस्सेदारी घटकर 22.
5 फीसदी रह जाएगी और इतनी ही हिस्सेदारी एरेस मैनेजमेंट के पास होगी। इस डील के आधार पर पूरी KKR फ्रेंचाइजी की कीमत करीब 1. 78 बिलियन डॉलर यानी 16,634 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस हिस्सेदारी के हस्तांतरण के लिए बीसीसीआई की औपचारिक मंजूरी जरूरी है। बोर्ड नए निवेशक की जांच-पड़ताल करेगा। रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई को इस डील की कुल कीमत का 5 फीसदी हिस्सा भी मिलेगा, जो करीब 20 मिलियन डॉलर यानी लगभग 200 करोड़ रुपये है।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं