Suryakumar Yadav: टीम इंडिया में जगह गंवाने के बाद सूर्यकुमार यादव ने अब अपनी वापसी की कोशिश तेज कर दी है। घरेलू क्रिकेट में उनके बल्ले से निकले लगातार दो बड़े स्कोर ने भारतीय चयनकर्ताओं का ध्यान जरूर खींचा होगा। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी कर रहे सूर्यकुमार ने गुजरात के खिलाफ महज 29 गेंदों में 82 रन की विस्फोटक पारी खेली।
उनकी इस पारी में 9 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उन्होंने 282 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और मुंबई को 198 रन का लक्ष्य 15. 4 ओवर में हासिल कराने में अहम भूमिका निभाई।
यह कोई एक दिन का धमाका नहीं था। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में हैदराबाद के खिलाफ भी सूर्यकुमार ने सिर्फ 21 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए थे। उस पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए थे।
यानी शुरुआती दो मैचों में उनके बल्ले से 142 रन निकले हैं और दोनों पारियों में उनका स्ट्राइक रेट बेहद आक्रामक रहा। गुजरात के खिलाफ मुकाबले में सरफराज खान ने भी 17 गेंदों पर नाबाद 40 रन बनाकर मुंबई की जीत आसान की। इससे पहले शार्दुल ठाकुर और अथर्व अंकोलेकर ने तीन-तीन विकेट लेकर गुजरात को 197 रन पर समेटने में योगदान दिया था।
सूर्यकुमार ने आखिरी बार 8 मार्च 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप फाइनल में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। विश्व कप जीतने के बाद उन्हें भारतीय टीम में जगह नहीं मिली और टी20 कप्तानी भी उनसे चली गई। अब श्रेयस अय्यर टीम की कमान संभाल रहे हैं।
हैदराबाद के खिलाफ मैच के बाद सूर्यकुमार ने माना था कि टीम से बाहर होना उन्हें दुख पहुंचाने वाला था। उन्होंने यह भी कहा था कि भारत में वापसी के लिए उन्हें फिर से चयनकर्ताओं का दरवाजा खटखटाना होगा। दो अच्छी पारियों के आधार पर उनकी वापसी तय नहीं मानी जा सकती।
लेकिन लगातार रन बनाकर उन्होंने अपनी दावेदारी जरूर मजबूत की है। अब उनके लिए सबसे जरूरी होगा कि इस फॉर्म को टूर्नामेंट के बाकी मैचों में भी बरकरार रखें। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं