स्वच्छ शहर की जोड़ी में पहला स्थान अहमदाबाद और साणंद को मिला। अहमदाबाद-साणंद को स्वच्छ शहर जोड़ी में पहला पुरस्कार मिला। इंदौर-देपालपुर और तिरुपति-कुप्पम ने भी पुरस्कार जीते।
नवी मुंबई को नेशनल क्लीन सिटी का शीर्ष सम्मान मिला। शहरों को स्वच्छ रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान में इस बार सबसे पहले ऐसे शहरों को पुरस्कृत किया गया है, जिन्होंने खुद स्वच्छता में श्रेष्ठ रहने के साथ ही अपने आसपास के किसी एक छोटे शहर को स्वच्छ बनाने के लिए भी काम किया है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में ‘शहर की जोड़ी’ के नाम से दिए गए पुरस्कार में पहला पुरस्कार अहमदाबाद (मेंटर सिटी) और साणंद (मेंटी सिटी) की जोड़ी को दिया गया है। दूसरा पुरस्कार इंदौर (मेंटर सिटी) और देपालपुर (मेंटी सिटी) को और तीसरा पुरस्कार तिरुपति (मेंटर सिटी) व कुप्पम (मेंटी सिटी) को दिया गया है।
नेशनल क्लीन सिटी की श्रेणी में पहला पुरस्कार नवी मुंबई को, दूसरा सूरत और तीसरा पुरस्कार विजयवाड़ा को दिया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कारों की घोषणा की। साथ ही पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे शहरों को उन्होंने पुरस्कृत किया।
शहरी विकास मंत्रालय के स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान में इस बार 11 श्रेणियों में शहरों को पुरस्कृत किया गया। इनमें पहली और अहम श्रेणी स्वच्छ शहर जोड़ी की थी। आबादी के हिसाब से भी शहरों को पुरस्कृत किया गया।
10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) पहले स्थान पर रहा, जबकि जबलपुर (मध्य प्रदेश) दूसरे व लखनऊ (उत्तर प्रदेश) तीसरे स्थान पर रहा। वहीं तीन से 10 लाख आबादी वाले शहरों में उज्जैन (मध्य प्रदेश) पहले स्थान पर रहा, जबकि चंडीगढ़ दूसरे और गुंटूर (आंध्र प्रदेश) तीसरे नंबर पर था।
50 हजार से तीन लाख तक की आबादी वाले शहरों में देवास (मध्य प्रदेश) पहले नंबर पर, नई दिल्ली नगर निगम दूसरे नंबर और सागर (मध्य प्रदेश) तीसरे नंबर पर रहा। 20 हजार से 50 हजार की आबादी वाले शहरों में स्वच्छता में पहले नंबर पर विटा (महाराष्ट्र), दूसरे पर आस्का (ओडिशा) और तीसरे नंबर पर पणजी (गोवा) रहा।
20 हजार से कम आबादी वाले शहरों में बिल्हा (छत्तीसगढ़) पहले नंबर पर, पंचगनी (महाराष्ट्र) दूसरे नंबर पर और बुधनी (मध्य प्रदेश) तीसरे नंबर पर रहा। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में देश के 4751 शहरों ने हिस्सा लिया था। इस सर्वेक्षण की शुरूआत 2016 से हुई थी।
पुरस्कारों की घोषणा के मौके पर केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण की इस पहल से देश के शहरों में स्वच्छता को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ी है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं