भाजपा ने सपा को 'दलित-विरोधी' बताते हुए राम गोपाल पर आरोप लगाया। यादव ने आगरा दलित सम्मेलन में अनुसूचित जाति को 'मूर्ख' कहा। भाजपा ने सपा पर दलितों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा ने सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) को ‘दलित-विरोधी’ बताते हुए आरोप लगाया कि उसके महासचिव राम गोपाल यादव ने आगरा में आयोजित ‘दलित सम्मेलन’ में अनुसूचित जाति (एससी) के सदस्यों को ‘मूर्ख’ कहकर उनका अपमान किया। यहां भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में पार्टी उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सपा ने अनुसूचित जाति के लोगों को ‘धोखा देने’ के मकसद के तहत दलित सम्मेलन आयोजित किया।
भाजपा की यह प्रतिक्रिया यादव की आपत्तिजनक टिप्पणी के एक दिन बाद आई। बताया गया कि कार्यक्रम में भाषण के दौरान हंगामा कर रहे लोगों को फटकारते हुए राम गोपाल ने यह टिप्पणी की थी। सपा के राज्यसभा सदस्य ने कहा था- "जो लोग इतना शोर मचा रहे हैं, आप पार्टी के समर्थक हैं या विरोधी?
वहां शांत रहिए। मूर्ख कहीं के। " सपा नेता की टिप्पणी पर आर्य ने कहा-" समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव के बोले गए शब्द बेहद दुखद हैं।
सत्ता की भूख में उन्होंने कल आगरा में दलित वोट हासिल करने के लिए दलित सम्मेलन आयोजित किया। मंच से राम गोपाल यादव ने दलित समुदाय के सदस्यों को मूर्ख कहकर उनका अपमान किया। " आर्य ने आरोप लगाया कि सपा ‘पीडीए’ के नाम पर दलितों, गरीबों और पिछड़े वर्गों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी सत्ता की लालसा में दलितों की हितैषी होने का दिखावा कर रही है। आर्य ने यादव की टिप्पणी को पूरे दलित समाज का अपमान बताया और कहा कि देशभर के दलित सपा की यह साजिश स्वीकार नहीं करेंगे। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में सत्ता में रहने के दौरान सपा ने ज्योतिबा फुले, डॉ.
बीआर. आंबेडकर और कांशीराम के नाम पर चल रही सरकारी योजनाओं के नाम बदले। उन्होंने कहा कि दो जून 1995 को सपा ने लखनऊ में मायावती को अपमानित किया था।
मई 2012 में सत्ता में आने के बाद उसने सरकारी ठेकों में दलितों के आरक्षण की व्यवस्था खत्म कर दी थी। आर्य के मुताबिक, 2012 से 2016 के बीच सरकारी नौकरियों और पदोन्नति में आरक्षण का मुद्दा उठने पर सपा सरकार ने प्रस्तावित प्रविधानों की प्रतियां फाड़कर संविधान का अपमान किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं