भोपाल/शहडोल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 16 नवंबर को शहडोल जिले के ब्यौहारी में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव सप्ताह कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया और जिले को 357.
71 करोड़ रुपये की लागत के 82 विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर इन कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। इनमें 10 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच से जनजातीय समाज के प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने जनजातीय समाज की पारंपरिक रीति-रिवाजों पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनजातीय कल्याण से जुड़ी कई घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने धर्मांतरण के खिलाफ संघर्ष किया और देश तथा धर्म के लिए अपना बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि 'अपना देश, अपना राज' का उद्घोष करने वाले बिरसा मुंडा जनजातीय अस्मिता के महानायक थे।
मुख्यमंत्री ने जनजातीय जननायक वीर बूदु भगत और मदारा महतो के संघर्ष का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन वीरों ने 1831 और 1832 में अद्वितीय लड़ाई लड़ी थी। राज्य सरकार जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से ऐसे नायकों के योगदान को याद कर रही है।
उन्होंने बताया कि सप्ताह का शुभारंभ जबलपुर से वीरांगना रानी दुर्गावती के स्मरण के साथ किया गया था। इसके बाद धार में लगभग 1,400 करोड़ रुपये की लागत वाली माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना की सौगात दी गई। मुख्यमंत्री , जनजातीय क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए हाल के दिनों में लगभग 4,000 करोड़ रुपये के कार्यों की सौगात दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहडोल जिले में 357. 71 करोड़ रुपये की लागत के 82 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया गया है। इन कार्यों में जनजातीय कार्य विभाग के छात्रावासों में डोरमेट्री, शौचालय, स्नानगृह और सीसी रोड का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय कक्ष और बाउंड्रीवॉल बनाने से जुड़े कार्य भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जयसिंह नगर को 291 करोड़ रुपये की लागत से बिजली सुविधा मिलेगी। उन्होंने शहडोल सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शहडोल में अगले महीने लगभग 4,000 करोड़ रुपये की लागत वाली नई औद्योगिक इकाई का भूमि-पूजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को सांदीपनि विद्यालयों की सुविधा मिल रही है और जनजातीय क्षेत्रों में पीएम जनमन, नल से जल, उज्ज्वला गैस कनेक्शन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर तीन दिनों तक बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इसके साथ ही पूरे जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में लगभग 1,500 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं