UP Chunav 2027 Samajwadi Party Four-Member Panel INDIA Bloc Seat Sharing: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की बातचीत तेज करने के लिए अखिलेश यादव ने चार सदस्यीय कमेटी गठित की है। कमेटी की अध्यक्षता सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव करेंगे।
इसमें प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और कैराना से सांसद इकरा हसन को भी शामिल किया गया है। यह कमेटी INDIA गठबंधन के तहत कांग्रेस के साथ सीटों के तालमेल पर चर्चा करेगी। दोनों दलों के बीच बातचीत ऐसे समय हो रही है, जब कांग्रेस की ओर से सपा को 181 संभावित सीटों की सूची सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है।
अब सीटों की संख्या के साथ-साथ उन क्षेत्रों पर भी चर्चा होने की संभावना है, जहां गठबंधन के उम्मीदवार की जीत की स्थिति मजबूत हो सकती है। कमेटी में कौन-कौन, क्या होगी जिम्मेदारी? सपा की ओर से गठित कमेटी में संगठनात्मक अनुभव और अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं को जगह दी गई है।
कमेटी का प्रमुख काम कांग्रेस नेतृत्व और उसकी गठबंधन समिति के साथ समन्वय बनाना तथा सीटों के बंटवारे पर बातचीत को आगे बढ़ाना होगा। गठबंधन में सीटों की संख्या तय करने के साथ उम्मीदवारों की स्थिति, क्षेत्रीय समीकरण और दोनों दलों के संगठनात्मक हितों के बीच संतुलन बनाना भी चुनौती होगी।
कमेटी की अध्यक्षता देकर सपा ने इस बातचीत की जिम्मेदारी अपने वरिष्ठ रणनीतिकार को सौंपी है। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (2027) हेतु समाजवादी पार्टी की ओर से INDIA गठबंधन के सीट समझौते के लिए माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी द्वारा निम्नलिखित लोगों की कमेटी गठित की गई है:राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव श्री रामगोपाल यादव जी प्रदेश अध्यक्ष श्री श्यामलाल पाल जी माननीय सांसद श्री राजीव राय जी माननीय सांसद सुश्री इकरा चौधरी जी सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल राज्य में पार्टी संगठन की जिम्मेदारी संभालते हैं।
विधानसभा चुनाव में किस क्षेत्र में पार्टी की स्थिति मजबूत है और कहां सहयोगी दल के साथ तालमेल की जरूरत पड़ सकती है, इस पर उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। पाल समाज से आने वाले श्यामलाल पाल को कमेटी में शामिल करना सपा के पिछड़ा वर्ग और PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक सामाजिक समीकरण के संदर्भ में भी अहम माना जा रहा है।
घोसी से सांसद राजीव राय पूर्वांचल की राजनीति का अनुभव रखते हैं। कमेटी में उनकी मौजूदगी से इस क्षेत्र की सीटों और राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा में मदद मिल सकती है। वहीं, कैराना की सांसद इकरा हसन पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करती हैं।
इस क्षेत्र में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों का तालमेल गठबंधन की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है। युवा सांसद के तौर पर उनकी भागीदारी कमेटी में क्षेत्रीय और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का एक और पहलू है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं