उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर हलचल तेज हो गई है। दोनों पार्टियां गठबंधन में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं, लेकिन किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी और किन सीटों पर कौन चुनाव लड़ेगा, इसे लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है।
इसी पर चर्चा के लिए दोनों दल सोमवार, 23 नवंबर से तीन दिन की बैठक करने जा रहे हैं। इस बैठक में सीटों की संख्या पर सीधे फैसला होने के बजाय पहले दोनों दल अपने दावे और चुनावी आधार सामने रखेंगे। इसके बाद संभावित उम्मीदवारों और सीटों पर जीत की संभावना को लेकर चर्चा आगे बढ़ सकती है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी कहा है कि गठबंधन की जीत के लिए दोनों पार्टियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। सपा-कांग्रेस की तीन दिन की बैठक कहां होगी और एजेंडा क्या है? सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर होने वाली बैठक कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर प्रस्तावित है।
दोनों दलों के प्रतिनिधि इसमें हिस्सा लेंगे। कांग्रेस सांसद और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने रविवार को बैठक की जानकारी दी। मसूद ने कहा कि दोनों पार्टियां साथ बैठकर चुनावी रणनीति और सीटों के बंटवारे पर चर्चा करेंगी।
उनका कहना है कि गठबंधन का लक्ष्य यूपी में जीत हासिल करना और इंडिया गठबंधन की सरकार बनाना है। इसके लिए दोनों दलों को मिलकर काम करना होगा और चुनावी मैदान में बेहतर तालमेल दिखाना होगा। शुरुआती चर्चा में दोनों पार्टियां अपनी मजबूत सीटों, राजनीतिक प्रभाव और चुनावी संभावनाओं को सामने रख सकती हैं।
पहले सीटों पर दावे होंगे, फिर उम्मीदवारों के नाम और चेहरे पर बात आगे बढ़ने की संभावना है। UP Chunav 2027: 'BJP का राधे-राधे, कमल खिला दे’ नारा बताता है कि कमल मुरझा गया- Akhilesh Yadav का तंज सीटों का बंटवारा किस फॉर्मूले पर होगा? इस पूरी बातचीत में सबसे अहम फैक्टर 'विनेबिलिटी' यानी जीतने की संभावना रहने वाला है।
अखिलेश यादव पहले ही साफ कर चुके हैं कि सीटों का फैसला किसी पार्टी की जिद या संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि चुनाव जीतने की क्षमता देखकर होगा। यानी दोनों दल यह देखेंगे कि किस विधानसभा सीट पर उनका संगठन मजबूत है, कौन उम्मीदवार चुनाव में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है और किस पार्टी के चेहरे के जीतने की संभावना ज्यादा है।
सीटों की संख्या तय करने से ज्यादा जोर उन उम्मीदवारों पर रह सकता है, जो अपने क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखते हैं। सपा ने सीट शेयरिंग पर चर्चा के लिए रामगोपाल यादव की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई है। इसमें आलोक रंजन, धर्मेंद्र यादव और राजीव शामिल हैं।
कमेटी में दो डेटा एक्सपर्ट भी रखे गए हैं, ताकि सीटों और उम्मीदवारों को लेकर फैसले चुनावी आंकड़ों और ग्राउंड स्थिति के आधार पर लिए जा सकें। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं