कालाढूंगी: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाओं ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता और महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं और प्रयासों को रेखांकित किया गया।
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने के फैसले को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
राज्य सरकार की लखपति दीदी योजना के माध्यम से प्रदेश की 3 लाख से अधिक महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं की आय बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इसके अलावा प्रदेश में 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इन समूहों के जरिए महिलाएं विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जुड़कर अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है। वहीं, एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत महिलाओं को 75 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। महिलाओं को आधुनिक तकनीक और नए रोजगार क्षेत्रों से जोड़ने के लिए सरकार ड्रोन दीदी, सोलर सखी और सशक्त बहना जैसी योजनाओं को बढ़ावा दे रही है। इन पहलों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
सम्मेलन के दौरान महिला सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को राज्य सरकार की प्राथमिकता के रूप में रेखांकित किया गया। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाने तक सीमित न रखते हुए उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं