न्यूजीलैंड दौरे पर इंडिया ए की शुरुआत यशस्वी जायसवाल के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रही थी। शुरुआती पारियों में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे यशस्वी ने अब ऐसा पलटवार किया है कि विरोधी गेंदबाजों के लिए उन्हें रोकना मुश्किल हो गया है। न्यूजीलैंड ए के खिलाफ लिंकन में खेले जा रहे तीसरे अनौपचारिक टेस्ट में यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतकीय पारी खेली।
उन्होंने पहली पारी में 138 गेंदों का सामना करते हुए 102 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 16 चौके और 2 छक्के निकले। उन्होंने 127वीं गेंद पर अपना शतक पूरा किया।
यह इस सीरीज में उनका लगातार दूसरा शतक है, जबकि प्रथम श्रेणी क्रिकेट में यह उनके करियर का 19वां शतक रहा। तीन पारियों में 21 रन, अब दो पारियों में 257 रन न्यूजीलैंड ए के खिलाफ सीरीज की शुरुआती तीन पारियों में वह सिर्फ 21 रन बना सके थे। इसके बाद उन्होंने अपने बल्ले से जवाब देना शुरू किया।
दूसरे अनौपचारिक टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने नाबाद 155 रन बनाए थे। अब तीसरे मुकाबले में 102 रन की पारी खेलकर उन्होंने लगातार दूसरा शतक जड़ दिया है। इस तरह पिछली दो पारियों में यशस्वी के बल्ले से 257 रन निकल चुके हैं।
तीन अनौपचारिक टेस्ट की पांच पारियों में उनके कुल 278 रन हो गए हैं। यानी शुरुआती नाकामी के बाद उन्होंने जिस अंदाज में वापसी की है, वह उनकी बल्लेबाजी क्षमता को दिखाता है। सीनियर टीम की टेस्ट सीरीज से पहले जायसवाल की फॉर्म टीम इंडिया के लिए अच्छा संकेत है।
यशस्वी ने सिर्फ व्यक्तिगत तौर पर ही अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, बल्कि टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने साई सुदर्शन के साथ पहले विकेट के लिए 258 गेंदों में 175 रन जोड़े। इस साझेदारी में यशस्वी ने 102 और साई सुदर्शन ने 58 रन का योगदान दिया।
दोनों बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड ए के गेंदबाजों को शुरुआती सफलता हासिल करने का मौका नहीं दिया। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं