Air India Hijack Case: पश्चिम बंगाल के कोलकाता एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की एक फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी मिलने से बुधवार (11 नवंबर) को हड़कंप मच गया। मुंबई जाने वाली फ्लाइट के टॉयलेट में हाथ से लिखा एक धमकी भरा नोट मिला था। इसमें विमान को हाईजैक करने की चेतावनी दी गई थी।
इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच की और सभी यात्रियों को नीचे उतार लिया। मामले की जांच के दौरान मुर्शिदाबाद के एक यात्री को पकड़ा गया। अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में उसने नोट लिखने की बात स्वीकार की।
उसने कथित तौर पर बताया कि वह अपनी बीमार पत्नी के साथ रहना चाहता था और इसी वजह से विदेश जाने से बचने के लिए उसने हाईजैक की झूठी धमकी दी। आरोपी एक निजी कंपनी में काम करता था और कंपनी उसे काम के सिलसिले में विदेश भेज रही थी। टॉयलेट में मिला हाईजैक की चेतावनी वाला नोट यह घटना एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2772 से जुड़ी है।
एयरबस A320 विमान को बुधवार सुबह कोलकाता से मुंबई के लिए रवाना होना था। अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब 10:37 बजे केबिन क्रू को विमान के टॉयलेट में हाथ से लिखा एक नोट मिला। नोट में चेतावनी दी गई थी कि विमान को सुबह करीब 11:10 बजे हाईजैक कर लिया जाएगा।
सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। धमकी की गंभीरता को देखते हुए विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इसके बाद विमान में सवार सभी 105 यात्रियों और सात क्रू मेंबर्स को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
धमकी भरा नोट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की गहन तलाशी ली। अधिकारियों ने यात्रियों से पूछताछ की और नोट की लिखावट की जांच की। मामले की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी के मुताबिक, नोट की हैंडराइटिंग एक यात्री की लिखावट से मेल खाने के बाद उसे एयरपोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया गया।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि यात्री ने पूछताछ के दौरान नोट लिखने की बात स्वीकार की। आरोपी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस की जांच के आधार पर की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि यात्री की कंपनी उसे काम के सिलसिले में विदेश भेजने वाली थी। हालांकि, वह अपनी बीमार पत्नी को छोड़कर विदेश नहीं जाना चाहता था। आरोप है कि विदेश जाने से बचने के लिए उसने विमान के टॉयलेट में हाईजैक की धमकी वाला नोट छोड़ दिया।
उसका मकसद विमान में सुरक्षा संबंधी चिंता पैदा करना था, ताकि वह अपनी पत्नी के पास रह सके। हालांकि, इस कथित कदम के कारण एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को अलर्ट करना पड़ा। विमान की तलाशी ली गई, यात्रियों को उतारा गया और उड़ान में कई घंटे की देरी हुई।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं