भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 18 नवंबर को मंदसौर जिले के गांधीसागर में डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक करेंगे। इस बैठक में 11,500 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 1,920 मेगावाट क्षमता वाली गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी।
इस परियोजना को प्रदेश में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने, बिजली की लागत कम करने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य सरकार , यह देश में निर्माणाधीन सबसे बड़ी स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना है। इसके माध्यम से अतिरिक्त सौर और पवन ऊर्जा को संग्रहित कर जरूरत के समय बिजली उत्पादन किया जा सकेगा।
परियोजना से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ प्रदेश की ऊर्जा व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना का निर्माण ग्रीनको ग्रुप कर रहा है। यह परियोजना नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक स्थित गांव में विकसित की जा रही है।
करीब 414 हेक्टेयर भूमि पर आकार ले रही इस परियोजना की कुल लागत 11,500 करोड़ रुपये है। परियोजना में दो जलाशयों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें निचले जलाशय के रूप में मौजूदा गांधीसागर जलाशय का उपयोग होगा, जबकि ग्रीनको ग्रुप ने ऊपरी जलाशय का निर्माण किया है।
इस परियोजना की खासियत यह है कि इसमें पानी का बार-बार इस्तेमाल किया जा सकेगा। जब ग्रिड में सौर या पवन ऊर्जा की अतिरिक्त उपलब्धता होगी, तब उस बिजली से मोटरें चलाकर पानी को निचले जलाशय से ऊपरी जलाशय में पंप किया जाएगा। वहीं, बिजली की मांग बढ़ने यानी पीक आवर्स के दौरान ऊपरी जलाशय से पानी वापस निचले जलाशय में छोड़ा जाएगा।
इस प्रक्रिया में मोटरें उल्टी दिशा में घूमकर टरबाइन की तरह काम करेंगी और बिजली का उत्पादन होगा। इस तरह अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा को संग्रहित कर जरूरत के समय इस्तेमाल किया जा सकेगा। परियोजना में कुल 9 टर्बाइन लगाए जा रहे हैं।
इनकी कुल वार्षिक ऊर्जा उत्पादन क्षमता 3,580 मिलियन यूनिट होगी। परियोजना लगातार 6 घंटे तक बिजली उत्पादन करने में सक्षम होगी। टरबाइन मोड में इसका रेटेड हेड लगभग 122 मीटर है, जबकि इसकी राउंड ट्रिप एफिशिएंसी करीब 80 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
पंपिंग और उत्पादित बिजली की आपूर्ति के लिए परियोजना को लगभग 60 किलोमीटर दूर मंदसौर जिले में स्थित 765/400 केवी सबस्टेशन से जोड़ा गया है। परियोजना के टर्बाइनों के पहले सेट का संचालन दिसंबर में शुरू होने की योजना है। इसके बाद जून 2027 से पूरी परियोजना के काम करने की उम्मीद है।
गांधीसागर परियोजना से रोजगार के बड़े अवसर भी पैदा हो रहे हैं। इसके निर्माण के दौरान करीब 4,000 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। परियोजना के संचालन और रखरखाव के लिए साइट पर लगभग 200 लोगों को स्थायी रोजगार मिलने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर परियोजना निर्माण करने वाली कंपनी को मध्य प्रदेश के योग्य स्थानीय उम्मीदवारों को अधिकतम रोजगार देने के लिए कहा गया है। इससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं