10 नवंबर को फारस की खाड़ी में तेल टैंकर पर हमला (फाइल फोटो) 10 नवंबर को फारस की खाड़ी में तेल टैंकर पर हमला हमले में एक भारतीय नाविक समेत चार क्रू मेंबर घायल पश्चिम एशिया में वाणिज्यिक जहाजों पर बढ़ते हमलों की चिंता डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि 10 नवंबर को फारस की खाड़ी से गुजरते समय 6 भारतीय नाविकों को ले जा रहे लाइबेरिया के झंडे वाले एक तेल टैंकर पर किसी प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ।
इस हमले में चालक दल के चार सदस्य घायल हो गए, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में, सोनोवाल ने बताया कि 'MT फुजैराह एनर्जी' नाम का यह जहाज अल रुवाइस से दुबई जा रहा था, तभी उस पर हमला हुआ। केंद्रीय मंत्री ने कहा, '10 नवंबर को, 6 भारतीय नाविकों को ले जा रहा लाइबेरिया के झंडे वाला VLCC 'MT फुजैराह एनर्जी', अल रुवाइस से दुबई जाते समय फारस की खाड़ी में एक हमले का शिकार हो गया।
इस हमले में चालक दल के चार सदस्य घायल हो गए, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। उसे मामूली चोटें आई हैं आगे की मेडिकल जांच के लिए सुरक्षित रूप से किनारे पर ले आया गया है। ' सोनोवाल ने कहा, 'चालक दल के बाकी 18 सदस्य, जिनमें अन्य 5 भारतीय नाविक भी शामिल थे, सभी सुरक्षित हैं।
हम लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। ' यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब पश्चिम एशिया में कमर्शियल जहाजों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है. ऐसे में भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
इससे पहले, 3 नवंबर को विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया था कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के चलते भारत ने अपने 23 नागरिकों को खो दिया है, जिनमें 15 भारतीय नाविक शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि काला सागर क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाकर किए गए हमलों में 5 भारतीय नागरिक मारे गए, जबकि 2 अन्य अभी भी लापता हैं।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं