Chhath Puja 2026: बिहार में छठ महापर्व का नाम आते ही घरों से लेकर पूजा घाटों तक भक्ति का माहौल बनने लगता है। लोकगीतों की धुन, ठेकुआ की खुशबू और सूर्यदेव को अर्घ्य देने की तैयारियां इस पर्व को खास बनाती हैं। छठ की इसी रौनक को भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सितारे भी अपने गानों के जरिए बढ़ाते हैं।
अक्षरा सिंह, खेसारी लाल यादव और पवन सिंह के छठ गीत हर साल लोगों की पसंद बनते हैं। वहीं, इंटरनेट सेंसेशन मनीषा रानी भी छठी मइया की भक्ति और बिहार की परंपराओं से जुड़ाव दिखाती नजर आईं। इन सितारों के गानों में छठ व्रत, परिवार की खुशहाली और सूर्यदेव की पूजा की झलक देखने को मिलती है।
भोजपुरी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह छठ के मौके पर पारंपरिक साड़ी, बिंदी और खूबसूरत श्रृंगार में नजर आईं। उनका अंदाज किसी दुल्हन से कम नहीं दिखा। उनके वीडियो में बिहार की संस्कृति और छठ के प्रति आस्था साफ दिखाई दी।
अक्षरा ने छठ को बिहार की पहचान और परंपरा से जुड़ा पर्व बताया है। उनका गाना 'छठ के बरतिया' व्रतियों की श्रद्धा और छठी मइया के प्रति विश्वास को दिखाता है। इसमें उन महिलाओं की भावनाएं नजर आती हैं, जो परिवार की खुशहाली के लिए व्रत रखती हैं।
खेसारी लाल यादव के 'अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के' और 'जोड़े जोड़े फलवा' जैसे गीत छठ के मौके पर खूब पसंद किए जाते हैं। इन गानों में ठेकुआ, फलों, सूर्य पूजा और घाटों की परंपराओं को संगीत के जरिए दिखाया गया है। पवन सिंह भी छठी मइया और सूर्यदेव की महिमा पर कई गीत गा चुके हैं।
उनके गानों में व्रतियों की तपस्या, मां की ममता और परिवार की खुशहाली की कामना सुनाई देती है। छठ के दौरान उनके गीत घरों, गाड़ियों और घाटों पर बजते हैं। इंटरनेट सेंसेशन मनीषा रानी भी छठ के अवसर पर छठी मइया की भक्ति में डूबी नजर आईं।
उन्होंने इस पर्व के प्रति अपनी श्रद्धा और बिहार की परंपराओं के लिए सम्मान जाहिर किया। छठ महापर्व में मां अपने बच्चों, बहन अपने भाई और व्रती पूरे परिवार की खुशहाली के लिए उपवास रखते हैं। भोजपुरी सितारों के गीत इस आस्था और पारिवारिक प्रेम को और खास बना देते हैं।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं