पटना, 12 नवंबर 2026: बिहार के दो युवा रग्बी खिलाड़ियों रोहित कुमार और सलोनी कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने की दिशा में एक और उपलब्धि हासिल की है। दोनों का चयन भारतीय अंडर-20 रग्बी टीम में हुआ है। वे 14 और 15 नवंबर को ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित होने वाली एशियन रग्बी एमिरेट्स अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
रोहित कुमार पुरुष टीम का हिस्सा होंगे, जबकि सलोनी कुमारी महिला टीम में शामिल होंगी। दोनों खिलाड़ी इससे पहले भारतीय अंडर-18 टीम का प्रतिनिधित्व करने के साथ उसकी कप्तानी भी कर चुके हैं। एशियन रग्बी एमिरेट्स अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप का आयोजन भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में होगा।
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 10 और महिला वर्ग की सात देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। भारत के अलावा हांगकांग चीन, श्रीलंका, मलेशिया, उज्बेकिस्तान, थाईलैंड, सिंगापुर, चीनी ताइपे, नेपाल और जॉर्डन की टीमें भी प्रतियोगिता में भाग लेंगी। इस चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
रग्बी इंडिया की ओर से घोषित 12 सदस्यीय भारतीय पुरुष और महिला अंडर-20 टीम में बिहार के दोनों खिलाड़ियों को जगह मिली है। पटना के रहने वाले रोहित कुमार पुरुष टीम में खेलेंगे, जबकि पटना के बाढ़ क्षेत्र की सलोनी कुमारी महिला टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। दोनों खिलाड़ी सितंबर 2026 में चीन के किंगदाओ में आयोजित एशिया रग्बी अंडर-18 सेवन्स चैंपियनशिप में भी भारतीय टीम की ओर से खेल चुके हैं।
उस प्रतियोगिता में दोनों को भारतीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। सलोनी कुमारी ने जूनियर नेशनल अंडर-18 रग्बी सेवन्स प्रतियोगिता में भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। उन्होंने छह मैचों में आठ ट्राई और दो कन्वर्जन की मदद से कुल 44 अंक अर्जित किए थे।
बिहार के दोनों खिलाड़ियों का भारतीय अंडर-20 टीम में चयन राज्य में खेल प्रतिभाओं को मिल रहे अवसरों को दर्शाता है। राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अब रोहित और सलोनी के सामने एशियन रग्बी अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने की चुनौती होगी। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं