भोपाल/खटीमा, 12 नवंबर 2026: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 नवंबर को एक दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर खटीमा पहुंचे। यहां पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
भाजपा पदाधिकारियों ने भी उनका स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पैतृक निवास पर पहुंचकर उनकी माता से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया।
उन्होंने खटीमा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मान समारोह को भी संबोधित किया। कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री समाज के सभी वर्गों के कल्याण और सबको साथ लेकर चलने की भावना के साथ काम कर रहे हैं। 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र के साथ गरीबों सहित समाज के हर वर्ग का जीवन बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नया आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना है।
उन, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ा है और दुनिया के बड़े देशों के राष्ट्रपति तथा प्रधानमंत्री भी उनके साथ खड़े होकर तस्वीर खिंचवाना गौरव की बात समझते हैं। डॉ. यादव ने कहा कि अमेरिका, रूस और चीन जैसे देशों के बीच भारत ने अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए मजबूत नेतृत्व और निर्णायक इच्छाशक्ति को महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना और सशस्त्र बलों के जवान देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं और राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान देते हैं। प्रत्येक सैनिक का जीवन अनमोल है।
देश के मान-सम्मान के साथ सैनिकों के स्वाभिमान की रक्षा करना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में देश को दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक नेतृत्व मिला है। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की भी सराहना की और कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य की तस्वीर बदल रही है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को देशभर में नई पहचान मिल रही है। चारधाम यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार जिस तरह व्यवस्थाएं कर रही है, वह सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि चारों धामों के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसके साथ ही गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़क, आवागमन, शिक्षा, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में वर्ष 2027 में अर्धकुंभ का आयोजन होना है, जिसमें सहभागी होने के लिए मध्य प्रदेश उत्साहित है। वहीं, वर्ष 2028 में मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ का आयोजन किया जाएगा। इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए राज्य सरकार तैयारियों में जुटी हुई है।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं