पटना, 9 नवंबर: बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने सोमवार को नालंदा स्थित ऐतिहासिक बड़गांव धाम पहुंचकर छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ सांसद कौशलेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि छठ व्रतियों को पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था समय से पहले दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व बिहार की आत्मा है।
यह केवल त्योहार नहीं, बल्कि आस्था और परंपरा से जुड़ा पर्व है। बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में इसे पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। मंत्री ने कहा कि बड़गांव धाम का छठ घाट ऐतिहासिक महत्व रखता है, जहां लाखों श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य देने पहुंचते हैं।
ऐसे में घाट और तालाब के आसपास स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तालाब और घाटों पर कहीं भी गंदगी नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जाए।
साथ ही स्थानीय लोगों से भी साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। मंत्री ने कहा कि छठ पूजा के दौरान व्रती चार दिनों तक नियम और पवित्रता के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। इस पर्व में 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखने की परंपरा है।
श्रद्धालु छठी मैया और सूर्यदेव की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली की कामना करते हैं। मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि छठ महापर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। राज्य सरकार की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
* 5,000 लोगों की क्षमता वाले दो जर्मन हैंगर पंडाल। * बांस से बने चार पंडाल। * 16 चलंत शौचालय और 45 स्थायी शौचालय।
* 10 चेंजिंग रूम। * शुद्ध पेयजल की व्यवस्था। * पूरे आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी।
* श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था। इसके अलावा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और माइकिंग के माध्यम से लगातार आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने अधिकारियों को आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन की पूरी तैयारी रखने को कहा।
जरूरत पड़ने पर एनडीआरएफ की टीम तैनात करने के भी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छठ महापर्व को पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि छठ महापर्व सबसे महत्वपूर्ण पर्वों में से एक है। सरकार छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सजग है। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ जदयू नेता राजेंद्र प्रसाद, प्राचार्य डॉ.
अरविंद कुमार, अरुण वर्मा, प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार देव, रंजीत मुखिया, सुजीत सिंह, मुकेश सिंह, विजय कुमार, संजय कुशवाहा, मुन्नी सरपंच, सचिन पटेल, रूपेश कुमार, मनोज कुमार वर्मा, चंद्रप्रकाश वर्मा, अधिवक्ता नंदकिशोर प्रसाद, जदयू नेता सुधीर सिंह, दीपू कुमार, बंटू सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी राजन कुमार, सिलाव के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रहलाद कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं