पटना, 9 नवंबर: बिहार के किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक और कीटनाशक उपलब्ध कराने के साथ कृषि उत्पादों की गुणवत्ता जांच व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। बिहार सरकार के कृषि विभाग और भारत सरकार के डाक विभाग के बिहार परिमंडल के बीच कृषि उपादानों के नमूनों को जांच प्रयोगशालाओं तक सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा की उपस्थिति में बिहार परिमंडल की निदेशक डाक सेवाएं प्रियंका जैन और कृषि निदेशक मुकेश कुमार लाल ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत अब बीज, उर्वरक और कीटनाशकों के नमूने डाक विभाग के माध्यम से पूरी सुरक्षा और गोपनीयता के साथ जांच प्रयोगशालाओं तक भेजे जा सकेंगे।
इससे निजी कूरियर पर निर्भरता कम होगी और नमूनों की जांच में होने वाली देरी को भी कम करने में मदद मिलेगी। इस व्यवस्था में बिहार के 9,673 डाकघर केंद्रों के व्यापक नेटवर्क का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे कृषि उपादानों के नमूनों को प्रयोगशालाओं तक पहुंचाने की प्रक्रिया अधिक सुगम और समयबद्ध बनाने में मदद मिलेगी।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह समझौता कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, नकली और घटिया उत्पादों पर अंकुश लगाने तथा कृषि क्षेत्र में आधुनिक एवं प्रभावी सेवा व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि डाक विभाग का सहयोग केवल कृषि उपादानों के नमूने प्रयोगशालाओं तक पहुंचाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए।
किसानों की उन्नति और आर्थिक समृद्धि में भी डाक विभाग की महत्वपूर्ण भागीदारी होनी चाहिए। उन्होंने डाक विभाग के माध्यम से किसानों को बीज, कीटनाशक, जैविक उर्वरक और अन्य जरूरी कृषि उत्पादों की होम डिलीवरी की व्यवस्था विकसित करने की दिशा में पहल करने का सुझाव दिया।
मंत्री ने कहा कि किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित रखना सरकार का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें बाजार से जोड़कर उनकी आय और आर्थिक समृद्धि के नए अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है। कृषि मंत्री ने डाक विभाग से किसानों द्वारा उत्पादित जैविक और प्राकृतिक कृषि उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इन उत्पादों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के साथ उनके विपणन और निर्यात को भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इससे किसानों को अपने उत्पादों के लिए नए बाजार मिल सकेंगे और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के अवसर बढ़ेंगे। इस अवसर पर निदेशक डाक सेवाएं प्रियंका जैन ने कहा कि किसानों के हित में डाक विभाग अपनी सेवाओं और संसाधनों के माध्यम से हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
समझौते के माध्यम से कृषि उत्पादों के नमूनों की सुरक्षित और समयबद्ध जांच व्यवस्था को मजबूत करने के साथ भविष्य में किसानों को डाक विभाग के व्यापक नेटवर्क से जोड़ने की संभावनाएं भी सामने आई हैं। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं