Gataru Gang Busted: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पंजाब और उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ मिलकर नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में कथित तौर पर जम्मू में सक्रिय 'गतारू गैंग' के सदस्यों समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, जांच में गैंग के सदस्यों के बीच एक करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय लेनदेन का पता चला है। सांबा जिले के विजयपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के आधार पर गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर पिस्तौल, देसी हथियार, कारतूस, बारूद, छर्रे और हेरोइन बरामद करने का दावा किया है।
जांच में उत्तर प्रदेश के मेरठ और पंजाब के अमृतसर तक फैले नेटवर्क के तार सामने आए हैं। Who Is Gataru Gang Master Mind: कौन है 'गतारू गैंग' के कथित सरगना? पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, विजयपुर निवासी सौरव गुप्ता और उसका भाई गौरव गुप्ता कथित तौर पर जम्मू में सक्रिय 'गतारू गैंग' का संचालन कर रहे थे।
दोनों को उनके साथी रोहित बालौरिया के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से मेरठ से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद माज के घर पर छिपे हुए थे। पुलिस का आरोप है कि मोहम्मद माज ने उन्हें ठहरने की जगह देने के साथ लॉजिस्टिक मदद भी उपलब्ध कराई।
उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल जांच एजेंसियां गिरोह के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और पैसों के लेनदेन की कड़ियां जोड़ रही हैं। पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त को विजयपुर में वाहनों की नियमित जांच के दौरान सौरव बलोरिया को पकड़ा गया था।
उसके पास से 9. 08 ग्राम हेरोइन और एक पिस्तौल बरामद हुई थी। इसके बाद संबंधित कानूनों के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच के लिए SIT गठित की गई।
जांच में पुलिस ने सौरव बलोरिया को गिरोह के लिए संसाधन और लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराने वाला अहम सदस्य बताया। आगे की जांच में अन्य आरोपियों के संपर्क, हथियारों की उपलब्धता और वित्तीय लेनदेन की जानकारी सामने आई। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और खुफिया सूचनाओं के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया।
इसी क्रम में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से मेरठ में छिपे आरोपियों का पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस , बिहार निवासी विवेक कुमार भी इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। वह विजयपुर में एक फास्ट फूड आउटलेट पर काम करता था।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि इस आउटलेट का इस्तेमाल गिरोह के कुछ सदस्यों को अस्थायी रूप से ठहराने और वित्तीय लेनदेन के लिए किया जाता था। विवेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से दो देसी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस और 8.
37 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद करने की जानकारी दी है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं