भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज खत्म होने के बाद भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ की जिम्मेदारियां बदलने वाली हैं। तीसरे वनडे के बाद कोचिंग स्टाफ दो अलग-अलग हिस्सों में बंट जाएगा। जहां मुख्य कोच गौतम गंभीर वनडे टीम के साथ न्यूजीलैंड में ही रुकेंगे, वहीं सितांशु कोटक और गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल टेस्ट टीम से जुड़ने के लिए वेलिंगटन रवाना होंगे।
भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद दो मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेलनी है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट ने दोनों फॉर्मेट की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए कोचिंग स्टाफ की जिम्मेदारियां अलग-अलग करने की योजना बनाई है। गौतम गंभीर वनडे टीम के साथ रुककर अपनी जिम्मेदारियां संभालेंगे।
उनके साथ स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले भी रहेंगे। दूसरी ओर सहायक कोच सितांशु कोटक और गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल टेस्ट टीम की तैयारियों के लिए वेलिंगटन पहुंचेंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मुकाबला 19 नवंबर से खेला जाना है।
टेस्ट सीरीज को देखते हुए भारतीय टीम की तैयारियां भी जल्द शुरू हो जाएंगी। टेस्ट टीम का अभ्यास शिविर 11 नवंबर से शुरू हो सकता है। इस दौरान खिलाड़ियों के लिए पांच से छह अभ्यास सत्र आयोजित किए जाने की योजना है।
न्यूजीलैंड की परिस्थितियां भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं। यहां की पिचों पर स्विंग और सीम मूवमेंट देखने को मिलता है। इसके अलावा कुछ मैदानों पर असमान उछाल भी बल्लेबाजों की परेशानी बढ़ा सकता है।
सितांशु कोटक के मुताबिक न्यूजीलैंड की परिस्थितियों को समझना और उन खुद को ढालना टेस्ट सीरीज से पहले बेहद जरूरी होगा। टीम अभ्यास के दौरान स्विंग, सीम मूवमेंट और पिच के उछाल को ध्यान में रखकर तैयारी करेगी। इसके अलावा भारत के तीन तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़, आकिब नबी और अर्शदीप सिंह के भी टेस्ट टीम के साथ नेट बॉलर के रूप में रुकने की संभावना है।
इससे टेस्ट टीम के बल्लेबाजों को अभ्यास के दौरान तेज गेंदबाजी का सामना करने का अच्छा मौका मिलेगा। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं