श्रीदेवी (Sridevi) को सांपों से काफी डर लगता था लेकिन फिर भी उन्होंने 'नगीना' में नागिन का किरदार निभाकर हिंदी सिनेमा में एक अलग ही प्रभाव छोड़ा। कावेरी बामजई, नई दिल्ली। त्याग की मूर्ति से अलग, इच्छाधारी नागिन उस नायिका की कहानी है जो बदले के लिए खुद एक हथियार बन जाती है।
सांपों से डरने वाली श्रीदेवी ने कैसे 1986 में प्रदर्शित 'नगीना' में न केवल लोकप्रियता के शिखर को छुआ, बल्कि मनोरंजन जगत को भी दिया एक सुपरहिट फार्मूला। सीता, सती और सावित्री-ये तीनों किरदार उस पुरुषवादी कल्पना को पूरा करते हैं, जहां एक औरत अपने पति की रक्षा के लिए खुद को मिटा देती है।
लेकिन इच्छाधारी नागिन की लोककथा स्त्री को एक बिल्कुल अलग तरह की ताकत देती है। यहां वह किसी के सहारे नहीं रहती, बल्कि बदला लेने और अपनों को बचाने के लिए अपने ही शरीर को एक जानलेवा हथियार बना लेती है। यह एक ऐसी अनोखी शक्ति है, जहां एक कोमल काया पल भर में एक घातक जीव में बदल जाती है, जो वार और संहार करने में पूरी तरह सक्षम है।
हरमेश मल्होत्रा की 1986 की ब्लाकबस्टर 'नगीना' (Nagina) में श्रीदेवी (Sridevi) ने एक्टिंग और डांस का उम्दा प्रदर्शन किया। इसके ठीक एक साल बाद 'मिस्टर इंडिया' आई और उन्होंने हिंदी सिनेमा के शिखर पर अपनी जगह पक्की कर ली। यह मुकाम उन्हें यूं ही नहीं मिला था, इसके पीछे उनकी कड़ी मेहनत, बेमिसाल प्रतिभा और जोखिम उठाने का साहस था।
'नगीना' कोई ऐसी फिल्म नहीं थी जिसकी कामयाबी की गारंटी पहले से तय हो। हरमेश मल्होत्रा यह कहानी लेकर कई कलाकारों के पास गए थे, जिनमें सबसे बड़ा नाम जय प्रदा (Jaya Prada) का था। जया प्रदा दिखने में भले ही श्रीदेवी से अधिक सुंदर रही हों, लेकिन उनमें श्रीदेवी जैसा जुनून नहीं था।
दिलचस्प बात यह है कि श्रीदेवी को सांपों से बहुत डर लगता था और उन्हें सांपों के डरावने सपने तक आते थे। इसके बावजूद, उन्होंने बिना झिझक इस किरदार के लिए हां कह दी। फिल्म में उन्होंने गांव की एक साधारण लड़की रजनी की भूमिका निभाई, जो ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) के किरदार के बिल्कुल उलट थी।
ऋषि कपूर एक रईस जागीरदार के विलायत से पढ़कर लौटे वारिस बने थे, जिसका अंदाज उनकी शानदार घुड़सवारी और बातों में झलकते अंग्रेजी लहजे से साफ दिखता था। फिल्म में रजनी पहले तो उस नाग की मौत का बदला लेने आती है, जिसे ऋषि की जान बचाने के लिए मारा गया था। लेकिन कहानी करवट लेती है और उसे ऋषि से ही गहरा प्रेम हो जाता है।
इसके बाद वह न केवल अपनी नाराज सास का भरोसा जीतती है, बल्कि अपने पति का प्रेम भी पा लेती है। कहानी में असली मोड़ तब आता है जब एक साधु दिव्य नागमणि की तलाश में उसके ससुराल पहुंचता है। इस साधु के साथ रजनी का टकराव पर्दे पर बिजली सा असर पैदा करता है, क्योंकि साधु का किरदार में अमरीश पुरी थे।
'नगीना' में डा. अचला नागर के लिखे डायलॉग सच्ची आस्था और पाखंड के बीच की सीधी टक्कर दिखाते हैं। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं