केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भारतीय सड़क कांग्रेस में सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती मौतों और ब्लैकस्पॉट पर गंभीर चिंता व्यक्त की। खराब सड़को को लेकर इंजीनियरों पर भड़के नितिन गडकरी। (फोटो-रॉयटर्स) गडकरी ने सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती मौतों पर गहरी चिंता व्यक्त की।
इंजीनियरों को ब्लैकस्पॉट खत्म करने, दोषरहित डीपीआर बनाने का निर्देश। सड़क सुरक्षा में लोगों की जान बचाने की जिम्मेदारी लेने को कहा। हमेशा मुखर अंदाज में अपनी बात रखने वाले केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 85वीं भारतीय सड़क कांग्रेस (आइआरसी) के वार्षिक सत्र में सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती मौतों पर गंभीर चिंता जताई।
इस पर अपने अपराधबोध को व्यक्त करने के साथ ही उन्होंने इंजीनियरों को आईना दिखाया। कहा- ब्लैकस्पाट खत्म नहीं हो रहे हैं। पता होता है कि हम (इंजीनियर) जो रोड बना रहे हैं, उस पर हादसे होंगे, तो भी ऊपर तक किसी को चिंता नहीं।
यह ठीक नहीं है। सड़क सुरक्षा में देश के लोगों की जान बचाने की दुहाई देते हुए उन्होंने इंजीनियरों से कहा- हाथ जोड़कर प्रार्थना करता हूं कि इंजीनियर हर सड़क के लिए इस तरह जिम्मेदारी लेकर काम करें तो हमारी सड़क पर एक भी ब्लैकस्पाट नहीं होना चाहिए। उन्होंने दोषरहित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का अनुरोध किया।
तेलंगाना में आयोजित कार्यक्रम में गडकरी ने विभिन्न विषयों के साथ सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। सड़क सुरक्षा को बहुत कठिन विषय बताते हुए बोले कि पांच लाख सड़क हादसे प्रति वर्ष हो रहे हैं। एक लाख 80 हजार मौतें हो रही हैं, जिसमें 66 प्रतिशत 18 से 34 वर्ष के नौजवान हैं।
उन्होंने कहा कि मुझे इसका बहुत दर्द है। कभी-कभी मैं अपराधबोध में कहता हूं कि यह सब मेरे कारण है। इंजीनियरों को संबोधित करते हुए उन्होंने पूछा कि सड़क पर हादसे क्यों होते हैं?
डीपीआर कैसी बनती हैं? एक डीपीआर अच्छी नहीं बनती। डीपीआर के लिए न्यूनतम बोली के प्रविधान को खत्म किए जाने का उल्लेख करते हुए बोले कि अब ऐसे लोगों को चुन-चुन कर ठोंकना शुरू कर दिया है।
गडकरी ने क्षमा प्रार्थना करते हुए सिस्टम को कठघरे में खड़ा किया और बोले- हमने बड़ी संख्या में ब्लैकस्पाट तैयार किए हैं, क्योंकि कोई जवाबदेही नहीं है। हम क्यों नहीं सोचते कि कल हमारे भी बेटे का एक्सीडेंट हो सकता है। हमें सड़क सुरक्षा कर लोगों की जान बचानी है।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं