IND vs NZ 3rd ODI Weather: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज में अब तक बल्ले और गेंद के साथ-साथ मौसम की भी अहम भूमिका रही है। शुरुआती दोनों मुकाबलों में बारिश ने खलल डाला और दोनों बार डकवर्थ लुईस नियम (DLS) के तहत नतीजा निकला। इसके बावजूद भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।
शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम अब तीसरा मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। वहीं न्यूजीलैंड के सामने अपनी उम्मीदें बचाए रखने की चुनौती होगी। मंगलवार को होने वाले इस मुकाबले से पहले एक बार फिर क्रिकेट फैंस के लिए बुरी खबर सामने आई है।
10 नवंबर को हैमिल्टन में होने वाले तीसरे वनडे पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जाएगा। एक्यूवेदर के पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को यहां बारिश की संभावना 100 प्रतिशत है।
दिन के समय बारिश होने की संभावना 99 प्रतिशत और रात में 90 प्रतिशत बताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में हैमिल्टन के लिए स्थानीय समयानुसार सुबह 3 बजे से अगले दिन रात 1 बजे तक हेवी रेन वॉच भी जारी रहने की बात कही गई है। ऐसे में मुकाबले की शुरुआत से पहले ही बारिश खेल बिगाड़ सकती है।
तीसरे वनडे का आयोजन स्थानीय समयानुसार दोपहर 3 बजे से होना है। भारतीय समय के मुताबिक मुकाबला सुबह 7:30 बजे शुरू होगा। लेकिन मैच के निर्धारित समय के आसपास भी बारिश की आशंका काफी ज्यादा है।
घंटे के हिसाब से मौसम का पूर्वानुमान देखें तो स्थानीय समयानुसार सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक बारिश की संभावना 71 से 89 प्रतिशत के बीच रहेगी। दोपहर 3 बजे यानी मैच शुरू होने के समय यह 73 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इसके बाद शाम 7 बजे तक बारिश की संभावना करीब 80 प्रतिशत तक रह सकती है।
रात 8 बजे इसमें कुछ राहत मिल सकती है और बारिश की आशंका घटकर 49 प्रतिशत होने का अनुमान है। हालांकि रात 9 बजे यह फिर 70 प्रतिशत, 10 बजे 76 प्रतिशत और 11 बजे 67 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। इसका मतलब है कि मैच के दौरान बारिश बार-बार खेल रोक सकती है।
अगर मौसम में थोड़ी देर के लिए सुधार होता है तो मुकाबला कम ओवरों का भी हो सकता है। क्या लगातार तीसरे मैच में DLS से निकलेगा नतीजा? सीरीज के पहले वनडे में बारिश के कारण मुकाबला 32-32 ओवर का कर दिया गया था।
इसके बावजूद भारतीय टीम ने जीत हासिल की थी। दूसरे वनडे में भी बारिश के कारण न्यूजीलैंड की पारी 135 रन पर सिमटने के बाद भारत को संशोधित लक्ष्य मिला था। भारतीय टीम ने डीएलएस नियम के तहत चार रन से मुकाबला अपने नाम किया।
अब तीसरे मैच में भी मौसम की स्थिति कुछ ऐसी ही नजर आ रही है। अगर बारिश के बीच खेल शुरू होता है तो दोनों टीमों को कम ओवरों में अपनी रणनीति बदलनी पड़ सकती है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं