आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर लंबे समय से बहस चल रही है। कई पूर्व क्रिकेटर और खिलाड़ी इस नियम पर सवाल उठा चुके हैं। इसके बावजूद अगले सीजन में भी इसके जारी रहने की संभावना है।
ऐसे में आईपीएल 2027 की तैयारी कर रही फ्रेंचाइजियों ने अपनी रणनीति इसी नियम को ध्यान में रखकर बनानी शुरू कर दी है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने अभी तक सभी 10 फ्रेंचाइजियों को इस संबंध में औपचारिक जानकारी नहीं दी है। हालांकि टीमों के बीच यह समझ है कि आईपीएल 2027 में इम्पैक्ट प्लेयर नियम लागू रहेगा।
इसी आधार पर टीमें आगामी मिनी ऑक्शन और खिलाड़ियों की अदला-बदली यानी ट्रेड को लेकर योजना बना रही हैं। रिपोर्ट में एक आईपीएल अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि अगला सीजन मेगा ऑक्शन से पहले आखिरी सीजन होगा। ऐसे में इस समय नियम में बदलाव करना टीमों की योजनाओं को प्रभावित कर सकता है।
अधिकारी के मुताबिक नियम में बदलाव की संभावना कम है। एक फ्रेंचाइजी अधिकारी ने यह भी बताया कि कम से कम चार टीमों ने आईपीएल को आगाह किया था कि इस समय नियम हटाने से उनकी रणनीति बिगड़ सकती है। आईपीएल में इस नियम की शुरुआत 2023 में हुई थी।
इसके तहत हर टीम मैच से पहले पांच विकल्प खिलाड़ियों के नाम देती है। इनमें से किसी एक खिलाड़ी को मैच के दौरान इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतारा जा सकता है। वह टीम के किसी एक खिलाड़ी की जगह लेता है।
मैदान पर आने वाला खिलाड़ी बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों कर सकता है, जबकि बाहर गया खिलाड़ी दोबारा मैच में हिस्सा नहीं ले सकता। इस नियम की सबसे बड़ी आलोचना यह है कि इससे बल्लेबाजी और गेंदबाजी के बीच संतुलन प्रभावित होता है। अतिरिक्त बल्लेबाज या गेंदबाज उतारने का विकल्प मिलने से टीमों को ऑल राउंडर खिलाड़ियों पर पहले जितना निर्भर नहीं रहना पड़ता।
इससे ऐसे खिलाड़ियों की भूमिका और अहमियत कम होने की चिंता जताई गई है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं