Kareena Kapoor Khan: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान इन दिनों अपनी किसी फिल्म या वेब सीरीज की वजह से नहीं बल्कि एक खास नेकलेस को लेकर विवादों में घिर गई हैं। दिवाली के मौके पर करीना की कुछ तस्वीरें सामने आई थीं, जिनमें वह बेहद शाही अंदाज में नजर आईं। इस दौरान उनके गले में करीब 200 साल पुराना कीमती पन्ने का पेंडेंट दिखाई दिया, जिस पर कुरान की आयतें यानी आयत-उल-कुर्सी लिखी हुई हैं।
इस ज्वैलरी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई और मामला कानूनी नोटिस तक पहुंच गया। करीना कपूर खान को लेकर क्यों हो रहा विवाद? कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने करीना को कानूनी नोटिस भेजकर उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और संबंधित तस्वीरें हटाने की मांग की है।
हालांकि इस पूरे विवाद में कई लोगों ने एक्ट्रेस का सपोर्ट भी किया है। छावनी पीठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य, शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी और हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने करीना के पक्ष में अपनी बात रखी है। अब मशहूर बांग्लादेशी-स्वीडिश लेखिका तस्लीमा नसरीन ने भी इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
करीना कपूर खान के सपोर्ट में उतरीं तस्लीमा नसरीन -तस्लीमा नसरीन अपनी बेबाक लेखनी, धार्मिक कट्टरता की आलोचना और महिलाओं के अधिकारों की पैरवी के लिए जानी जाती हैं। करीना कपूर खान से जुड़े इस विवाद पर भी उन्होंने खुलकर अपनी राय रखी है। लेखिका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए उन लोगों पर सवाल उठाए, जो पेंडेंट को लेकर एक्ट्रेस से माफी मांगने की मांग कर रहे हैं।
तस्लीमा नसरीन ने लिखा कि खुद को धर्म का रक्षक बताने वाले लोग कई बार अजीब व्यवहार करते हैं। करीना कपूर खान ने जो पेंडेंट पहना है, उस पर आयत-उल-कुर्सी लिखी हुई है। ये ज्वैलरी भोपाल के शाही परिवार से जुड़ी रही है और सैफ अली खान के परिवार के जरिए करीना तक पहुंची है।
इसके बावजूद उनकी तस्वीरों को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है और उन्हें कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है। अपने पोस्ट में तस्लीमा नसरीन ने महिलाओं के पहनावे और उनके शरीर को लेकर समाज की सोच पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि आखिर कुरान की आयत लिखा हुआ पेंडेंट पहनने में समस्या क्या है?
पेंडेंट गले में पहना जाता है और स्वाभाविक रूप से वह सीने पर ही रहेगा। क्या लोगों की आपत्ति इस बात से है कि तस्वीरों में करीना कपूर खान का क्लीवेज दिखाई दे रहा है? लेखिका ने अपनी पोस्ट में तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि अगर पूरा शरीर ईश्वर की रचना है, तो महिलाओं के शरीर के कुछ हिस्सों को लेकर इतनी आपत्ति क्यों जताई जाती है?
उनके मुताबिक लिखे हुए धार्मिक शब्दों की पवित्रता का सम्मान करने की बात तो की जा रही है लेकिन एक महिला की गरिमा और उसकी स्वतंत्रता को नजरअंदाज किया जा रहा है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं