भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में मजबूत स्थिति बनाने की कोशिश कर रही है। मेजबान टीम ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत की। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी की।
जायसवाल 85 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन राहुल ने अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए एक खास उपलब्धि हासिल कर ली। केएल राहुल ने तीसरे दिन अपना शतक पूरा किया। इस सेंचुरी के साथ उन्होंने भारतीय क्रिकेट में एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जो इससे पहले किसी भारतीय ओपनर के नाम नहीं था।
राहुल ने न्यूजीलैंड की धरती पर अपना पहला टेस्ट शतक लगाकर साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया यानी चारों SENA देशों में टेस्ट सेंचुरी लगाने का कारनामा पूरा किया। सचिन, विराट और द्रविड़ के क्लब में शामिल हुए राहुल केएल राहुल अब उन भारतीय बल्लेबाजों की खास सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने चारों SENA देशों में टेस्ट शतक लगाए हैं।
उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, राहुल द्रविड़ और मोहम्मद अजहरुद्दीन यह उपलब्धि हासिल कर चुके थे। राहुल इस सूची में शामिल होने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज हैं। हालांकि भारतीय ओपनर के तौर पर चारों देशों में टेस्ट सेंचुरी लगाने वाले वह पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
एशियाई ओपनर्स की बात करें तो राहुल से पहले पाकिस्तान के सईद अनवर यह कारनामा कर चुके थे। राहुल ने न्यूजीलैंड में अपना पहला टेस्ट खेलते हुए ही शतक जड़ दिया। उन्होंने तीसरे दिन अपनी पारी को आगे बढ़ाया और 207 गेंदों में तीन अंकों का आंकड़ा छुआ।
इस दौरान उन्होंने संयम के साथ बल्लेबाजी की और भारतीय टीम को मुश्किल परिस्थितियों से निकालने में अहम भूमिका निभाई। यह राहुल का टेस्ट क्रिकेट में 13वां शतक है। वहीं, भारतीय ओपनर के तौर पर टेस्ट क्रिकेट में उनका यह 12वां शतक है।
इसके साथ ही वह इस मामले में मुरली विजय की बराबरी पर पहुंच गए हैं। भारतीय ओपनर्स में सुनील गावस्कर 33 शतकों के साथ पहले और वीरेंद्र सहवाग 22 शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। केएल राहुल ने इस शतक के साथ विदेशी परिस्थितियों में अपनी बल्लेबाजी क्षमता को एक बार फिर साबित किया है।
खास बात यह है कि चारों देशों में शतक लगाने की उपलब्धि उन्होंने ओपनिंग बल्लेबाज के तौर पर हासिल की है, जो उनके टेस्ट करियर की एक बड़ी उपलब्धि है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं