केंद्र सरकार टोल बचाने के लिए नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी में है। नए नियम के तहत ऐसे वाहन चालकों पर सामान्य टोल शुल्क का 4 से 8 गुना तक भारी जुर्माना लगाया जाएगा। नए टोल नियम की तैयारी में सरकार (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर) नंबर प्लेट से छेड़छाड़ पर 4 से 8 गुना जुर्माना AI और हाई-टेक कैमरों से होगी वाहनों की पहचान डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली।
बिना रुकावट वाले टोल प्लाजा पर टैक्स बचाने के लिए गाड़ी की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने या उसका कोई हिस्सा छिपाने वाले वाहन चालकों की अब खैर नहीं है। केंद्र सरकार ऐसे चालकों पर शिकंजा कसने के लिए कड़ा नियम लाने की तैयारी कर रही है। इस कड़े नियम के तहत पकड़े जाने पर वाहन मालिक से सामान्य टोल शुल्क का 4 से 8 गुना तक भारी जुर्माना वसूला जाएगा।
इसके लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय नेशनल हाईवे फीस रूल्स में बदलाव करने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। बता दें कि सरकार की नई व्यवस्था के तहत यह भारी टोल जुर्माना मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) के तहत लगने वाले चालान से अलग होगा। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत- नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने पर पहली बार में 5000 रुपये और दोबारा पकड़े जाने पर 10000 रुपये तक के चालान का प्रावधान पहले से है, जिसे राज्य परिवहन विभाग वसूलता है।
नया टोल जुर्माना- अब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) जैसी एजेंसियों को यह अधिकार दिया जाएगा कि वे नियम तोड़ने वाले वाहनों से 4 से 8 गुना तक बढ़ा हुआ टोल शुल्क सीधे वसूल सकें। अधिकारियों के मुताबिक, अगले दो महीनों में टोल प्लाजा पर एक ऐसा सिस्टम लागू किया जाएगा, जो हाई-रेजोल्यूशन तस्वीरों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से उन गाड़ियों की तुरंत पहचान कर लेगा जिनकी नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई है या अंक छिपाए गए हैं।
गौरतलब है कि देश भर के नेशनल हाईवे पर बैरियर-लेस टोलिंग सिस्टम लागू किया जा रहा है, ताकि गाड़ियां बिना रुके गुजर सकें और टोल अपने आप कट जाए। लेकिन दिल्ली के मुंडका और अन्य टोल प्लाजा पर यह व्यवस्था शुरू होने के तुरंत बाद NHAI ने पाया कि कई वाहन चालक टोल से बचने के लिए नंबर प्लेट मोड़ देते हैं या उस पर कुछ चिपका देते हैं।
ऐसे में भले ही ऐसा करने वाले वाहन कुल ट्रैफिक का महज 2 से 4 फीसदी ही हैं, लेकिन सरकार का मानना है कि जब तक 100% गाड़ियों पर साफ दिखने वाली हाई-सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक इस चोरी को पूरी तरह रोकना मुश्किल है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं