Delimitation Bill Row Sharad Pawar NCP-SP Leaders Rameshwar Khamkar-Abhay Singh Jagtap Resign: केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक, 2026 को समर्थन देने की खबरों से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी NCP-SP के भीतर विरोध शुरू हो गया है। पार्टी के दो पदाधिकारियों ने इस मुद्दे पर अपना इस्तीफा दे दिया है।
दोनों नेताओं ने पार्टी की कथित रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि परिसीमन के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का समर्थन करना उनकी वैचारिक प्रतिबद्धताओं के खिलाफ है। इस्तीफा देने वालों में पार्टी के महाराष्ट्र सोशल मीडिया सेल के महासचिव रामेश्वर खामकर और मान-खटाव विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष अभय सिंह जगताप शामिल हैं।
जगताप ने नेशनलिस्ट यूथ कांग्रेस के राज्य महासचिव पद से भी इस्तीफा दिया है। यह विरोध ऐसे समय सामने आया है, जब पार्टी के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड ने परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने की बात कही थी। हालांकि, पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने कहा है कि विधेयक के प्रावधानों की जांच के बाद ही पार्टी अपना आधिकारिक रुख तय करेगी।
रामेश्वर खामकर NCP-SP की महाराष्ट्र इकाई के सोशल मीडिया सेल के महासचिव थे। उन्होंने परिसीमन विधेयक पर पार्टी के कथित रुख के विरोध में अपने पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता, दोनों से इस्तीफा दे दिया। अपने इस्तीफे में खामकर ने कहा कि BJP का समर्थन करने का कथित फैसला शिव-शाहू-फुले-अंबेडकर की विचारधारा में विश्वास रखने वाले लोगों के लिए स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने लिखा कि राजनीति में समझौते हो सकते हैं, लेकिन हर समझौते को वैचारिक समर्थन नहीं दिया जा सकता। खामकर ने यह भी कहा कि उनका फैसला किसी के प्रति नफरत की वजह से नहीं, बल्कि उनके अंतर्मन की आवाज के कारण है। उनके मुताबिक, पद छोड़ना मुश्किल नहीं है, लेकिन अपने विचारों से समझौता करके पद पर बने रहना उनके लिए संभव नहीं है।
अभय सिंह जगताप NCP-SP के मान-खटाव विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष और नेशनलिस्ट यूथ कांग्रेस के महाराष्ट्र राज्य महासचिव थे। उन्होंने शनिवार को अपने सभी पदों और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उनका इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे को भेजा गया।
अपने पत्र में जगताप ने शरद पवार के प्रति अपनी पुरानी निष्ठा का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में विभाजन हुआ था, तब वे शरद पवार के साथ मजबूती से खड़े रहे थे। जगताप के मुताबिक, उन्होंने पार्टी के नए चुनाव चिह्न को माढ़ा लोकसभा क्षेत्र में घर-घर तक पहुंचाने का काम किया।
उन्होंने यह भी कहा कि शरद पवार के कहने पर वे लोकसभा चुनाव लड़ने से पीछे हट गए थे। इसके अलावा, पार्टी के निर्देश पर उन्होंने सांगली-सतारा स्थानीय निकाय परिषद का चुनाव भी लड़ा था। लेकिन परिसीमन विधेयक पर पार्टी के कथित रुख से वे नाराज हो गए।
अभय सिंह जगताप का कहना है कि परिसीमन विधेयक का मामला केवल लोकसभा में सांसदों की संख्या बढ़ाने या महिलाओं को 33% आरक्षण देने तक सीमित नहीं है। इसमें निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को नए सिरे से तय करने का पहलू भी शामिल है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं