सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव लड़ने की न्यूनतम आयु सीमा घटाने वाली जनहित याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया। पीठ ने याचिकाकर्ता को इस संबंध में संबंधित हाईकोर्ट जाने की सलाह दी। चुनाव लड़ने की न्यूनतम आयु घटाने की अर्जी पर विचार करने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार (फाइल फोटो)।
सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव लड़ने की आयु घटाने की याचिका खारिज की। पीठ ने याचिका को विचार के लिए उपयुक्त नहीं माना। याचिकाकर्ता को संबंधित हाईकोर्ट जाने की सलाह दी गई।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की राजनीति में युवाओं की सीधी भागीदारी बढ़ाने और संसदीय व राज्य विधानसभाओं का चुनाव लड़ने की न्यूनतम आयु सीमा कम करने की उम्मीदों को शनिवार को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है। कोर्ट ने इस संबंध में दायर एक जनहित याचिका पर विचार करने से साफ इनकार कर दिया।
जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ के समक्ष याचिकाकर्ता के वकील ने अपनी दलीलें रखते हुए कहा कि यह एक छोटा लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण संवैधानिक मुद्दा है। वकील ने 61वें संविधान संशोधन का उल्लेख करते हुए तर्क दिया कि जब मतदान करने की न्यूनतम आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की जा सकती है, तो लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए 25 वर्ष तथा राज्यसभा और विधान परिषद के लिए 30 वर्ष की आयु सीमा क्यों रखी गई है।
इस याचिका में केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग को पक्षकार बनाया गया था। सुनवाई के दौरान पीठ ने इस याचिका को विचार के लिए उपयुक्त नहीं माना। इस पर वकील ने आग्रह किया कि प्रतिवादी कम से कम याचिकाकर्ता को उसके अभ्यावेदन (रिप्रेजेंटेशन) पर लिए गए निर्णय की जानकारी ही दे दें।
इस मांग पर पीठ ने दो टूक कहा कि अपने अभ्यावेदन पर निर्णय के निर्देश प्राप्त करने के लिए याचिकाकर्ता को संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत संबंधित हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के इस रुख के बाद याचिकाकर्ता के वकील ने अपनी याचिका वापस लेने की अनुमति मांगी, जिसे स्वीकार करते हुए पीठ ने याचिका को वापस लिए जाने के आधार पर खारिज कर दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं