आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग है लेकिन अब इसे और बड़ा बनाने की तैयारी की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स 2028 से आईपीएल में कम से कम दो नई टीमों को शामिल करने पर विचार कर रहा है। इस विस्तार के लिए दो शहरों के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं।
इनमें महाराष्ट्र का पुणे और गुजरात का वडोदरा शामिल है। हालांकि अभी यह शुरुआती बातचीत का हिस्सा है और किसी शहर या नई फ्रेंचाइजी के नाम पर फैसला बाद में होना है। मिंट बीसीसीआई 2028 से शुरू होने वाले अगले मीडिया राइट्स चक्र को ध्यान में रखकर लीग के विस्तार की संभावनाएं तलाश रहा है।
फिलहाल आईपीएल में 10 टीमें खेलती हैं। अगर दो नई फ्रेंचाइजी शामिल होती हैं, तो लीग में कुल टीमों की संख्या 12 हो जाएगी। नई टीमों के जुड़ने से मुकाबलों की संख्या भी बढ़ सकती है।
इसके लिए ब्रॉडकास्टर्स की रुचि, खिलाड़ियों की उपलब्धता और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम को ध्यान में रखना होगा। इसलिए इस योजना को अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। पुणे का आईपीएल से पुराना रिश्ता रहा है।
इस शहर ने पहले पुणे वॉरियर्स इंडिया और राइजिंग पुणे सुपरजायंट जैसी टीमों की मेजबानी की है। पुणे वॉरियर्स 2011 से 2013 तक लीग का हिस्सा रही थी। इसके बाद 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने आईपीएल में हिस्सा लिया था।
टीम 2017 में फाइनल तक भी पहुंची थी, जहां उसे मुंबई इंडियंस से एक रन से हार मिली थी। वहीं वडोदरा को गुजरात में क्रिकेट के एक नए केंद्र के तौर पर देखा जा रहा है। यह शहर अहमदाबाद से करीब 110 किलोमीटर दूर है।
ऐसे में वडोदरा में भी आईपीएल टीम के लिए संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। वहां नया क्रिकेट स्टेडियम भी है, जहां WPL के मुकाबले होने हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि नई फ्रेंचाइजी की कीमत 1 अरब डॉलर यानी करीब 9000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो सकती है।
कई भारतीय कारोबारी समूहों के अलावा विदेशी निवेशक भी इन संभावित टीमों में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। निवेशकों में प्राइवेट इक्विटी फर्म परमिरा, पश्चिम एशिया के सॉवरेन वेल्थ फंड, अमेरिकी फैमिली ऑफिस और बड़े भारतीय कारोबारी समूहों के नाम शामिल बताए गए हैं। कुछ निवेशक पूरी फ्रेंचाइजी खरीदने के बजाय उसमें हिस्सेदारी लेने पर भी विचार कर सकते हैं।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं