रविवार, 29 नवंबर 2026 12:13 AM IST
DARSH NEWS
🌤️ 15°C
विचार अखिल भारतीय 2,144 व्यूज

विचार: भाषणबाजी में पारंगत होने के लाभ

DARSH NEWS डेस्क • 28 Nov 2026, 11:32 PM IST
विचार: भाषणबाजी में पारंगत होने के लाभ

मेरे भाषण से आधे लोग समारोह से चले गए, फिर भी आयोजक खुश थे, क्योंकि उन्हें कम लोगों को चाय-नाश्ता कराना पड़ा। मुख्य अतिथि के रूप में लेखक का अनूठा अनुभव। ई-रिक्शा से पहुँचकर भी मिला भरपूर सम्मान।

डेढ़ घंटे के भाषण से आयोजकों को मिली खुशी। सूर्यकुमार पांडेय। रैली, धरना, अनशन, आंदोलन, सार्वजनिक सभा, घेराव वगैरह तो लोकतंत्र के बड़े उत्सवों में शुमार होते हैं, किंतु अगर हम छोटे उत्सवों की बात करें तो अपने यहां साल भर सभा-समारोह और गोष्ठियों-संगोष्ठियों के आयोजन नगर-नगर और शहर-शहर में चलते ही रहते हैं।

कभी कोई किसी नुक्कड़ पर भाषण देता दिखलाई पड़ जाता है तो कभी कोई मीडिया में बहसबाजी करते हुए पाया जाता है। कुछ लोग जन्मना उत्सवजीवी होते हैं। कुछ समारोहजीवी ऐसे भी होते हैं, जो किसी सभागार के मोहताज नहीं होते हैं।

ऐसे भाषणबाज और तर्क-वितर्क में पारंगत वक्ता पान की दुकानों और चाय के ठेलों के पास पड़ी बेंच पर बैठकर अपने उत्सवधर्मी होने की अतृप्त इच्छा की प्यास बुझा लेते हैं। कभी-कभी तो उनकी बहसबाजी की प्यास बुझने की जगह आग की लपटों का रूप धारण कर लिया करती है। प्रत्येक आयोजन की कुछ परंपराएं होती हैं।

जैसे उसमें एक अदद अध्यक्ष होता है। एक मुख्य अतिथि और कई विशिष्ट अतिथि होते हैं। एक संचालक और अनेक श्रोता होते हैं।

एक बार मैं भी एक कार्यक्रम का मुख्य अतिथि बना। आयोजकों ने कार भेजने का वायदा किया था, पर मुझे समारोह स्थल तक ई-रिक्शा करके जाना पड़ा। इस रिक्शा-प्रसंग के चलते मैं अपने को घोर अपमानित अनुभव कर रहा था, तथापि उन्होंने मुझे एक मुख्य अतिथि को दिए जाने योग्य सम्मान सहित मंच पर बिठा दिया था।

इधर मैं भीतर से कुंठित था। उधर संचालक माइक पर मेरी प्रशंसा में कसीदे काढ़े पड़ा था-हम अतिशय आभारी हैं माननीय पांडेय जी के कि उन्होंने अपने व्यस्ततम समय में से कुछ वक्त निकालकर हमारे इस आयोजन में पधारने की कृपा की, फिर वह नब्बे डिग्री घूम गया। मेरी तरफ मुखातिब होते हुए बोला-सर, आपकी उपस्थिति मात्र से हमारे आयोजन की गरिमा में चार चांद लग गए हैं।

जब संचालक ने वही व्यस्ततम समय में से टाइम निकालने वाला जुमला दोबारा दोहराया तो मैं मन ही मन खीझ उठा-अबे, काहे का व्यस्ततम समय! मैं तो सोलहों आने खाली आदमी हूं। मेरे पास टाइम ही टाइम है। पिछले तीन महीनों में पहली बार तो मुख्य अतिथि होना नसीब हो रहा है।

मैं कब से घर पर बैठा हुआ कुढ़ रहा था कि कोई याद ही नहीं करता। नामाकूल, तू कोई और बात कर। फालतू में मेरे कटे पर बार-बार नमक छिड़के पड़ा है, लेकिन संचालक अपनी रौ में था।

उसने मेरे पक्ष में मोहक वातावरण क्रिएट कर दिया था। फिर मालाएं पहनाने का दौर चला। जब सर्वप्रथम और सर्वाधिक मालाएं मुझे ही पहनाई गईं, तब मैंने भी उस मौका-माहौल का भरपूर लाभ उठाया।

चतुर व्यक्ति वही होता है, जो मौके की भैंस को कायदे से दुह ले। मेरी संतुष्टि की बाल्टी प्रशंसा के दूध से लबालब थी। मैं रिक्शे वाले असम्मानकारी प्रसंग भूलकर व्यस्ततम समय की ऐसी-तैसी करता हुआ आधे घंटे की बजाय पूरे पौने दो घंटे माइक पर डटा रहा।

मुंह की टोंटी एक बार खोल दी तो खोल दी। मैं अपनी ज्ञान की टंकी खाली करके ही माना। प्रतिदान में श्रोताओं की भरपूर तालियां बटोरीं, जिनका निहितार्थ था कि अबे, अब तो चुप हो जा।

आज मार ही डालेगा क्या? मेरे भाषण के बीच में से लगभग आधे लोग पलायन कर गए, फिर भी आयोजकों के चेहरों पर खुशी थी। उन्हें कम लोगों को चाय-नाश्ता कराना पड़ा।

वैसे व्यवस्था भी कम की ही थी। इस तरह मेरे द्वारा दिए गए भव्य भाषण ने आयोजकों की लाज रख ली। सबने मेरे भाषण की क्वांटिटी की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

वे बोले-अब से आप हमारे परमानेंट मुख्य अतिथि हुए। संपादकीय आलेखapnibaatSat, 28 Nov 2026 11:32 PM (IST)विचार: भाषणबाजी में पारंगत होने के लाभ।

समाचार स्रोत: DARSH NEWS

पाठक प्रतिक्रियाएं

इस श्रेणी की अन्य ख़बरें

होम
राजनीति
खेल
सिनेमा
वायरल