Nvidia Cyber Attack Threat: दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी Nvidia पर साइबर हमले का खतरा मंडरा रहा है। द जेंटलमेन (The Gentlemen) नाम के एक कथित रैनसमवेयर ग्रुप ने कंपनी का नाम अपनी डार्क वेब लीक साइट पर डालते हुए दावा किया है कि उसके पास Nvidia का चोरी किया हुआ डेटा है।
ग्रुप ने इसे सार्वजनिक करने के लिए 10 दिन से भी कम का समय दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, हैकर्स की वेबसाइट पर Nvidia के नाम के साथ एक काउंटडाउन टाइमर भी लगाया गया है, जो करीब 234 घंटे दिखा रहा था। हालांकि, ग्रुप ने अब तक कथित चोरी किए गए डेटा का कोई सैंपल या साइबर हमले का ठोस सबूत पेश नहीं किया है।
ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि Nvidia के सिस्टम में वास्तव में सेंध लगी है या यह कंपनी पर दबाव बनाने की कोशिश है। Nvidia को क्या धमकी दी गई है? द जेंटलमेन ने Nvidia को अपनी डार्क वेब लीक वेबसाइट पर सूचीबद्ध किया है।
ग्रुप का संकेत है कि तय समय में उसकी मांगें पूरी नहीं होने पर कथित तौर पर चुराया गया डेटा सार्वजनिक किया जा सकता है। पोस्ट में बातचीत के लिए एक Tox ID भी दिया गया है। Tox एक एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म है, जिसका इस्तेमाल निजी संवाद के लिए किया जा सकता है।
हालांकि, हैकर्स ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि उन्होंने Nvidia के सिस्टम तक कब और कैसे पहुंच बनाई, किस तरह का डेटा हासिल किया या कंपनी की किस बिजनेस यूनिट को निशाना बनाया गया। कथित डेटा की कोई ऐसी फाइल या झलक भी साझा नहीं की गई, जिससे उनके दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि हो सके।
साइबर अपराधी कई बार कंपनियों से फिरौती वसूलने या उन पर दबाव बनाने के लिए डेटा लीक करने की धमकी देते हैं। कुछ मामलों में ऐसे दावे सही होते हैं, जबकि दूसरे मामलों में अधूरी, पुरानी या गलत तरीके से जोड़ी गई जानकारी का इस्तेमाल किया जाता है। साइबरन्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, उसने इस मामले में Nvidia से संपर्क किया था।
कंपनी की ओर से किसी सुरक्षा उल्लंघन की पुष्टि होने की जानकारी रिपोर्ट में नहीं दी गई। इसलिए फिलहाल इस घटनाक्रम को संभावित साइबर खतरे और हैकर्स के दावे के तौर पर ही देखा जाना चाहिए, न कि प्रमाणित डेटा चोरी के मामले के रूप में। साइबरन्यूज , द जेंटलमेन ग्रुप पर पहले भी साइबर हमलों को लेकर बढ़ा-चढ़ाकर दावे करने, कंपनियों को कथित चोरी के डेटा से गलत तरीके से जोड़ने और पुरानी घटनाओं के डेटा का इस्तेमाल करने के आरोप लगे हैं।
साइबर सुरक्षा शोधकर्ता अरास नाज़ारोवास ने भी इस मामले में सावधानी बरतने की जरूरत बताई। उनके मुताबिक, ग्रुप ने अभी तक न तो कथित डेटा का कोई सैंपल दिया है और न ही यह बताया है कि जानकारी Nvidia की किस बिजनेस यूनिट से जुड़ी हो सकती है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं