क्रिकेट में कई बार ऐसा प्रदर्शन देखने को मिलता है, जो किसी खिलाड़ी को रातोंरात चर्चा में ला देता है। घरेलू क्रिकेट में भी कुछ खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींच लेते हैं। ऐसा ही कुछ रेलवे के तेज गेंदबाज जमशेद आलम ने किया है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में अपने पहले ही टी20 मुकाबले में उन्होंने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। जमशेद ने सौराष्ट्र के खिलाफ अपने पहले ओवर में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट हासिल किए। इसके बाद उन्होंने एक और बल्लेबाज को आउट कर पांच विकेट पूरे कर लिए।
पहले ओवर में चार बल्लेबाजों को भेजा पवेलियन जमशेद का सामना सौराष्ट्र की टीम से हुआ। इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 182 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की टीम को जमशेद ने चौथे ओवर में झटके देने शुरू किए।
उन्होंने हार्विक देसाई को कैच आउट कराया, अगली गेंद पर प्रेरक मांकड़ को बोल्ड किया। इसके बाद रुचित अहीर और सम्मर गज्जर को भी लगातार गेंदों पर पवेलियन भेज दिया। जमशेद यहीं नहीं रुके।
उन्होंने अपने अगले ओवर में सिद्धांत राणा को आउट करके पांच विकेट पूरे कर लिए। इस तरह उन्होंने महज 9 गेंदों में पांच विकेट हासिल किए। हालांकि, अपने चार ओवर पूरे करने के बाद उनका गेंदबाजी प्रदर्शन 38 रन देकर पांच विकेट रहा।
जमशेद आलम पुरुष टी20 क्रिकेट में डेब्यू मुकाबले पर लगातार चार गेंदों में चार विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले पाकिस्तान के आफाक अफरीदी ने दिसंबर 2024 में यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में वह लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज हैं।
उनसे पहले अभिमन्यु मिथुन और दर्शन नालकंडे ऐसा कर चुके हैं। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं