IND vs PAK: कभी-कभी क्रिकेट में जीत का जश्न मनाने के लिए आखिरी गेंद तक इंतजार करना पड़ता है और शनिवार को अंडर 19 एशिया कप के फाइनल में कुछ ऐसा ही देखने को मिला। भारत और पाकिस्तान के बीच खिताबी मुकाबला इतना रोमांचक हुआ कि आखिरी गेंद तक यह तय नहीं था कि ट्रॉफी किसके हाथ लगेगी।
पाकिस्तान ने 337 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने हार मानने से इनकार कर दिया। आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत ने एक विकेट से मुकाबला जीत लिया और पांच साल बाद अंडर 19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। भारत को इस ट्रॉफी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा था।
टीम ने आखिरी बार 2021 में श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था। इसके बाद 2023 और 2024 में बांग्लादेश चैंपियन बना, जबकि 2025 में पाकिस्तान ने भारत को फाइनल में हराकर ट्रॉफी उठाई थी। इस बार भी सामने पाकिस्तान ही था, लेकिन भारतीय युवा खिलाड़ियों ने पिछले फाइनल की हार का हिसाब रोमांचक अंदाज में चुकता कर दिया।
उस्मान खान के शतक से पाकिस्तान का बड़ा स्कोर ओमान के अल अमेरात में खेले गए फाइनल में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। टीम को उस्मान खान और हयाम खान ने 62 रन की शुरुआत दी। हयाम 21 रन बनाकर आउट हुए लेकिन इसके बाद उस्मान और अब्दुल कादिर ने भारतीय गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं।
दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी हुई। कादिर ने महज 54 गेंदों में 80 रन ठोक दिए, जिसमें 8 छक्के शामिल थे। दूसरी तरफ उस्मान खान ने 111 गेंदों में 107 रन की पारी खेली।
कप्तान फरहान यूसुफ ने भी 60 गेंदों में 63 रन बनाए। पाकिस्तान ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 337 रन बनाए। भारत की ओर से काव्या पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे।
उन्होंने 68 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि चिगुरुपति वेंकट ने 40 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य ने दी मजबूत शुरुआत 338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य राजचंदानी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 97 रन जोड़े।
आर्यवीर ने 61 गेंदों में 58 रन बनाए और 9 चौके लगाए। चोट लगने के बावजूद उन्होंने अपनी पारी जारी रखी। हालांकि, 18वें ओवर में उनका विकेट गिर गया।
इसके बाद लक्ष्य ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 101 गेंदों में 80 रन बनाए। वीके विनीथ ने 21 गेंदों में 24 और अर्जुन राजपूत ने 18 गेंदों में 16 रन जोड़े।
लेकिन पाकिस्तान ने लगातार विकेट लेकर भारत को दबाव में ला दिया। अन्वय द्रविड़ 19 रन बनाकर रन आउट हुए, जबकि मनाल चौहान ने 32 गेंदों में 47 रन की तेज पारी खेलकर मुकाबले को फिर भारत की तरफ मोड़ने की कोशिश की। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं