Akhilesh Yadav to Visit Ayodhya: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जल्द ही अयोध्या में रामलला के दर्शन करने पहुंचेंगे। उन्होंने इसके लिए 12 दिसंबर की तारीख तय की है। खास बात यह है कि इस धार्मिक यात्रा पर वह अकेले नहीं, बल्कि पत्नी डिंपल यादव और अपने बेटे-बेटी के साथ जाएंगे।
अयोध्या में अखिलेश यादव पहले हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला का आशीर्वाद लेंगे। सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने इस कार्यक्रम की जानकारी दी है।
उनके मुताबिक, अखिलेश यादव पूरे दिन अयोध्या में रहेंगे। इस दौरान उनकी मुलाकात शहर के साधु-संतों और महंतों से भी होगी। पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने बताया कि अखिलेश यादव का 12 दिसंबर का अयोध्या दौरा पूरी तरह धार्मिक रहेगा।
वह सबसे पहले हनुमानगढ़ी पहुंचकर माथा टेकेंगे। इसके बाद राम जन्मभूमि मंदिर जाकर रामलला के दर्शन करेंगे। इस दौरान सपा प्रमुख अपनी पत्नी और बच्चों के साथ संतों-महंतों से मुलाकात करेंगे, उनका आशीर्वाद लेंगे और प्रसाद भी ग्रहण करेंगे।
पवन पांडेय को दी थी तारीख तय करने की जिम्मेदारी अखिलेश यादव के अब तक राम मंदिर नहीं जाने को लेकर भाजपा और हिंदूवादी संगठन लगातार सवाल उठाते रहे हैं। हाल ही में अयोध्या दौरे के दौरान अखिलेश ने सपा नेता पवन पांडेय को राम मंदिर जाने की तारीख तय करने की जिम्मेदारी सौंपी थी।
अब छोटी दिवाली के दिन पवन पांडेय ने 12 दिसंबर को उनके अयोध्या आने का ऐलान किया है। अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने की घोषणा के बाद यूपी की राजनीति में बयानबाजी शुरू हो गई है। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह फैसला काफी देर से लिया गया है।
उनका आरोप है कि अगर मंदिर जाने के पीछे चुनावी फायदा उठाने की सोच है, तो इसका कोई लाभ नहीं मिलेगा। वहीं, सपा नेताओं का कहना है कि अखिलेश का यह दौरा पूरी तरह निजी धार्मिक आस्था से जुड़ा है। उनका मानना है कि धर्म और पूजा-पाठ को राजनीति से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।
पार्टी कार्यकर्ताओं में भी इस दौरे को लेकर उत्साह है और अयोध्या में अखिलेश यादव के भव्य स्वागत की तैयारी की जाएगी। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं