ईरान ने अमेरिका को जमीनी कार्रवाई की चुनौती दी है, दावा किया है कि दो तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आ गए और एक अमेरिकी ड्रोन को मार गिराया गया। ईरान ने दो तेल टैंकरों पर हमले का दावा किया। अमेरिकी निगरानी ड्रोन को होर्मुज के ऊपर मार गिराया गया।
ईरान ने अमेरिका को जमीनी कार्रवाई की चुनौती दी। जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच तेहरान ने दावा किया है कि खासाब बंदरगाह के मुहाने पर अनधिकृत रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे दो तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आ गए।
इनमें से एक टैंकर में विस्फोट के बाद आग लग गई। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आइआरजीसी) की नौसेना के मुताबिक, दोनों जहाजों ने अपनी लोकेशन बताने वाले सिस्टम बंद कर रखे थे और गुप्त रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। वहीं, ईरानी सेना ने होर्मुज के ऊपर एक निगरानी ड्रोन को वायु रक्षा प्रणाली से मार गिराने का भी दावा किया है।
ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों ने अमेरिका को जमीनी कार्रवाई की चुनौती दी है। अल जजीरा , प्रथम उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा अरेफ ने कहा कि अमेरिका ईरान की सरकार गिराने की कोशिशों में नाकाम रहा है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी के बावजूद ईरान के पास दूसरे सीमा मार्गों से व्यापार जारी रखने के विकल्प हैं।
वहीं, सेना के उप-कमांडर ब्रिगेडियर जनरल नोजर नेमती ने कहा कि अमेरिका में ईरान के खिलाफ जमीनी युद्ध छेड़ने की न तो क्षमता है और न ही इच्छा। ऐसा करने पर उसे कड़ी जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। एएनआइ , ईरानी सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकरमिनिया ने दावा किया कि ईरानी नौसेना पूर्वी होर्मुज से उत्तरी हिंद महासागर तक रणनीतिक समुद्री क्षेत्र की निगरानी और सुरक्षा कर रही है।
नौसेना प्रमुख एडमिरल शाहराम ईरानी ने अमेरिकी नाकेबंदी को वाशिंगटन की विफलता का संकेत बताया। उन्होंने दावा किया कि ईरानी बंदरगाह चालू हैं और जहाजों को नौसैनिक सुरक्षा दी जा रही है। अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन पर हमले का दावा भी किया गया, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं