भारतीय क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले बड़ी राहत मिल सकती है। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोट से उबर रहे हैं और अब उनकी वापसी की उम्मीद बढ़ गई है। पंत को इस दौरे के लिए टेस्ट टीम में चुना गया था, लेकिन उनकी उपलब्धता फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर थी।
अब 12 नवंबर को उनका आखिरी फिटनेस टेस्ट होना है, जिसके बाद उनकी वापसी पर फैसला लिया जाएगा। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक पंत ने बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग का अभ्यास किया है। नेट्स में वह सहज नजर आए हैं।
12 नवंबर को होने वाले फिटनेस और मैच सिमुलेशन टेस्ट के बाद उन्हें मेडिकल टीम से हरी झंडी मिलने की उम्मीद है। ऋषभ पंत को इरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया और जम्मू-कश्मीर के बीच मुकाबले के दौरान साइड स्ट्रेन की समस्या हुई थी। इसके बाद से वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं और बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी रिकवरी पर काम कर रहे हैं।
चोट के कारण वह न्यूजीलैंड ए के खिलाफ भारत ए के शुरुआती तीन मुकाबलों में भी नहीं खेल सके। उन्हें पहले भारत ए टीम में जगह दी गई थी, लेकिन फिटनेस क्लीयरेंस नहीं मिलने के कारण वह किसी मैच में हिस्सा नहीं ले पाए। टेस्ट सीरीज से पहले न्यूजीलैंड पहुंचेंगे पंत रिपोर्ट फिटनेस टेस्ट में सफल होने पर पंत के जल्द ही न्यूजीलैंड रवाना होने की संभावना है।
वह पहले टेस्ट से काफी पहले टीम के साथ जुड़ सकते हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में होगा। पंत टेस्ट क्रिकेट में भारत के प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल हैं।
उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग टीम को अलग मजबूती देती है। इंग्लैंड दौरे पर भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था और चार टेस्ट मैचों में 479 रन बनाए थे। ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ उनकी वापसी भारतीय टीम के लिए काफी अहम हो सकती है।
हालांकि पंत के खेलने पर अंतिम फैसला 12 नवंबर के फिटनेस टेस्ट और मेडिकल टीम की मंजूरी के बाद ही होगा। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं