बिहार सरकार राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए कई अहम पहल कर रही है। इनमें डेटा सेंटर की स्थापना, युवाओं को AI और मशीन लर्निंग का प्रशिक्षण, शहरी सेवाओं का बेहतर प्रबंधन और स्वास्थ्य सुविधाओं में आधुनिक तकनीक का उपयोग शामिल है।
राज्य मंत्रिपरिषद ने बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) नीति-2026 को भी मंजूरी दे दी है। इस नीति का उद्देश्य राज्य में निवेश और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। कन्वीजीनियस के संस्थापक एवं सीईओ जयराज भट्टाचार्य का कहना है कि बिहार में सॉवरेन एआई (Sovereign AI) और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने बताया कि कन्वीजीनियस बिहार में 'बिहार ऑन्टोलॉजी' विकसित करने की दिशा में काम करेगी, जो राज्य के विभिन्न विभागों को आपस में जोड़ने के साथ स्टार्टअप्स और रोजगार सृजन के नए अवसर पैदा करेगी। कंपनी इस पहल के तहत बिहार में 100 करोड़ रुपये के निवेश और 100 लोगों को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है।
जयराज भट्टाचार्य ने कहा, "बिहार सरकार के आईटी विभाग के साथ मिलकर हम राज्य में एआई आधारित इकोसिस्टम विकसित करना चाहते हैं। हमारा मानना है कि बिहार में निवेश की यह पहल दूसरे स्टार्टअप्स और उद्यमियों को भी यहां आकर काम करने के लिए प्रेरित करेगी। पटना में एक मजबूत टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम बनाने को लेकर हम बेहद उत्साहित हैं।
" वहीं, बिहार एआई समिट में अपना स्टॉल लगाने वाले आदित्य कुमार ने इसे युवाओं और स्टार्टअप्स के लिए एक बेहतरीन मंच बताया। उन्होंने एक एआई आधारित एजुकेशनल प्लेटफॉर्म तैयार किया है। उन, अब तक उनके स्टॉल पर 500 से अधिक लोग पहुंच चुके हैं।
उन्होंने कहा, "यहां मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स और लोगों की भागीदारी बेहद उत्साहजनक है। बिहार में इस तरह का आयोजन होना हम जैसे युवाओं के लिए सौभाग्य की बात है। " आदित्य ने कहा कि उन्हें अपनी प्रतिभा और तकनीक को बड़े स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
उनका लक्ष्य एआई और टेक्नोलॉजी के जरिए बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है। बिहार में AI तकनीक के विकास के लिए डेटा सेंटर की स्थापना पर भी जोर दिया जा रहा है। डेटा सेंटर कंपनी CtrlS ने पटना या उसके आसपास 150 मेगावाट क्षमता वाला AI-ready डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए 10,000 करोड़ रुपये के निवेश का समझौता किया है।
इस परियोजना का संचालन 2029-30 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा, बिहार सरकार और टाइगर एनालिटिक्स के बीच हुए समझौते के तहत वर्ष 2027 तक AI और मशीन लर्निंग पर आधारित ग्लोबल डिलीवरी सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को AI और डेटा एनालिटिक्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा और उनके लिए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए भी AI तकनीक के उपयोग की योजना बना रही है। इसके तहत दवाओं की आपूर्ति और उनके स्टॉक की निगरानी की जाएगी। एक्स-रे, CT स्कैन, MRI और अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट के विश्लेषण में भी AI की मदद ली जाएगी, जिससे टीबी और कैंसर जैसी बीमारियों की शुरुआती पहचान में सहायता मिलने की उम्मीद है।
साथ ही, AI आधारित स्मार्ट एम्बुलेंस और डिजिटल मॉनिटरिंग की भी योजना है। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं