UP Anganwadi Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी काम की तलाश कर रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। हरदोई जिले में आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिका के 662 खाली पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इस भर्ती में 329 पद कार्यकत्री और 333 पद सहायिका के हैं।
खास बात यह है कि 12वीं पास महिलाएं भी इन पदों के लिए आवेदन कर सकती हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक महिलाओं को 26 नवंबर तक फॉर्म भरना होगा।
हालांकि, इस भर्ती में आवेदन करने के लिए स्थानीय निवासी होने की शर्त रखी गई है। यानी आवेदिका उसी ग्राम सभा या शहरी वार्ड की रहने वाली होनी चाहिए, जहां पद खाली है। जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय ने 5 नवंबर 2026 को संशोधित भर्ती विज्ञापन जारी किया है।
हरदोई की 20 बाल विकास परियोजनाओं में कुल 662 पद भरे जाएंगे। सबसे ज्यादा रिक्तियां कोठावां में हैं, जहां 29 कार्यकत्री और 47 सहायिका के पद हैं। शाहाबाद में 21 कार्यकत्री और 46 सहायिका की जगह खाली है।
अहिरोरी में कार्यकत्री के 27, पिहानी में 26 और सुरसा में 25 पद हैं। हरदोई सिटी में 3 कार्यकत्री और 12 सहायिका के पद हैं। आय सीमा ग्रामीण क्षेत्र में सालाना 46,080 रुपये और शहरी क्षेत्र में 56,460 रुपये तय की गई है।
आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र तहसील से जारी डिजिटल हस्ताक्षर वाले होने चाहिए। विधवा महिलाओं को ग्राम पंचायत अधिकारी या नगर निकाय का प्रमाण पत्र और परिवार रजिस्टर की सत्यापित कॉपी देनी होगी। तलाकशुदा या परित्यक्ता महिलाओं के लिए अदालत या कानूनी आदेश जरूरी है।
चयन शैक्षिक योग्यता के आधार पर ऑनलाइन मेरिट से होगा। इंटरमीडिएट से परास्नातक तक की पढ़ाई के अंक देखे जाएंगे। प्राथमिकता क्रम में विधवा बीपीएल, तलाकशुदा या परित्यक्ता बीपीएल, बीपीएल, विधवा एपीएल, तलाकशुदा या परित्यक्ता एपीएल और फिर अन्य एपीएल महिलाओं को मौका मिलेगा।
महिलाएं आधिकारिक वेबसाइट upanganwadibharti. in पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकती हैं। आवेदन में प्राप्तांक और पूर्णांक सही दर्ज करें।
फॉर्म जमा होने के बाद ऑफलाइन सुधार की सुविधा नहीं होगी। गलत या फर्जी शैक्षिक जानकारी मिलने पर आवेदन रद्द कर दिया जाएगा। ग्राम सभा और वार्ड पदों और आरक्षण की सूची कलेक्ट्रेट, विकास भवन, तहसील और ब्लॉक कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर लगाई जाएगी।
यह जानकारी वेबसाइट पर भी मिलेगी। सहायता के लिए अपने ब्लॉक के बाल विकास परियोजना कार्यालय या विकास भवन स्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं