Rajasthan Deeg Politics: राजस्थान के डीग जिले की बृज नगर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के दौरान अनोखा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। यहां बती कुमारी ने पहले कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया। इसके बाद उन्होंने भाजपा उम्मीदवार और फिर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी पर्चा भर दिया।
आखिर में उन्होंने कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर दाखिल नामांकन वापस ले लिए। मैदान में कोई दूसरा प्रत्याशी नहीं बचने के कारण वह भाजपा के टिकट पर निर्विरोध प्रधान चुन ली गईं। इस घटनाक्रम के बाद पूर्व कांग्रेस विधायक वाजिब अली ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया।
उन्होंने चुनाव में पार्टी को मिली नाकामी की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से माफी भी मांगी। पहले कांग्रेस के साथ आईं, फिर भाजपा के टिकट पर भरा पर्चा के मुताबिक, बती कुमारी ने शुरुआत में पूर्व विधायक वाजिब अली की मौजूदगी में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया था।
इसके बाद वह भाजपा नेता जवाहर सिंह बेढम के साथ पहुंचीं और भाजपा प्रत्याशी के तौर पर दूसरा नामांकन जमा किया। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में तीसरा नामांकन भी दाखिल किया। बाद में कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर भरे गए पर्चे वापस ले लिए गए।
चूंकि भाजपा प्रत्याशी के रूप में मैदान में उनके अलावा कोई दूसरा उम्मीदवार नहीं था, इसलिए उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। पूर्व कांग्रेस विधायक वाजिब अली ने इस घटनाक्रम को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रधान पद पर जीत हासिल करने के लिए भाजपा ने धनबल और सत्ता का इस्तेमाल किया।
उनका आरोप है कि कांग्रेस की उम्मीदवार को नामांकन दाखिल करने के बाद भाजपा अपने साथ ले गई। अली ने दावा किया कि प्रधान पद के लिए जनता का समर्थन कांग्रेस के साथ था, लेकिन भाजपा ने उनकी उम्मीदवार को अपने पाले में करके चुनावी समीकरण बदल दिया। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को लोकतांत्रिक व्यवस्था के बजाय धोखे से हासिल की गई जीत बताया।
उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि बती कुमारी के कपड़े बदलवाकर उन्हें भाजपा उम्मीदवार के रूप में वापस लाया गया। वाजिब अली ने कहा कि प्रधान पद के चुनाव में पार्टी को मिली नाकामी की नैतिक जिम्मेदारी वह खुद लेते हैं। इसी वजह से उन्होंने PCC सदस्य के पद से इस्तीफा देने का फैसला किया।
उन्होंने उन कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी माफी मांगी, जो इस नतीजे से निराश हुए हैं। अली ने स्पष्ट किया कि संगठन में किसी पद पर नहीं रहने के बावजूद वह कांग्रेस के लिए एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में काम करते रहेंगे। भाजपा के डीग जिला अध्यक्ष सतीश बंसल ने वाजिब अली के आरोपों को खारिज किया।
उन्होंने कहा कि बती कुमारी ने भाजपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया था और निर्विरोध चुनाव जीत लिया। बंसल ने इसे बृज नगर में भाजपा की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि अली को आरोप लगाने के बजाय संयमित भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं