Delimitation Bill 2026: ठीक सात महीने पहले, 17 अप्रैल 2026 को जब लोकसभा में 131वां संविधान संशोधन विधेयक वोटिंग के लिए रखा गया था, तो मोदी सरकार को बड़ा झटका लगा था। बिल के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े और जरूरी दो-तिहाई बहुमत न मिलने के कारण विधेयक गिर गया।
तब राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा था कि परिसीमन (Delimitation) और महिला आरक्षण से जुड़ा यह कानून मौजूदा लोकसभा में पास कराना लगभग असंभव है। लेकिन शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 'सेवा तीर्थ' पर हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक ने पूरा सियासी समीकरण पलट दिया है।
कैबिनेट ने पुराने बिल को वापस लेने और नए 132वें संविधान संशोधन विधेयक व परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 को मंजूरी दे दी है। सरकार 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में इसे पेश करने जा रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जो बिल कुछ हफ्ते पहले तक असंभव दिख रहा था, उस पर अचानक सहमति का माहौल कैसे बनने लगा और क्या संसद के दोनों सदनों में सरकार के पास जरूरी नंबर हैं?
अप्रैल में बिल का सबसे बड़ा विरोध दक्षिण भारतीय राज्यों की तरफ से था। उन्हें डर था कि ताजा जनगणना के आधार पर परिसीमन होने से जनसंख्या नियंत्रित करने वाले दक्षिणी राज्यों की लोकसभा में हिस्सेदारी घट जाएगी और उत्तर भारत का दबदबा बढ़ जाएगा। केंद्र सरकार ने नए विधेयक में इसी डर की जड़ काट दी है।
कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा हस्ताक्षरित आधिकारिक दस्तावेज के मुताबिक, नए परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 में यह प्रावधान किया गया है कि देश के हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की लोकसभा और विधानसभा सीटों में एकसमान 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। पहले भी सरकार ने आश्वासन दिया था कि सभी राज्यों में सीटों की समानुपातिक बढोतरी होगी।
अब ड्राफ्ट में भी स्पष्ट कर दिया है कि राज्यों के बीच सीटों का अनुपात 1971 की जनगणना के मौजूदा ढांचे जैसा ही रहेगा, जिससे किसी भी राज्य की सापेक्ष हिस्सेदारी कम नहीं होगी। राज्यों के भीतर नए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल होगा।
लोकसभा की अधिकतम संवैधानिक सीमा 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सीमा 650 (जैसे यूपी विधानसभा 403 से बढ़कर 650) तक की जा सकेगी। इसके साथ ही, महिला आरक्षण (एक-तिहाई सीटें, जिसमें SC/ST महिलाएं शामिल होंगी) को 2026 की जनगणना से अलग कर दिया गया है, ताकि इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले ही लागू किया जा सके।
सीटों का यह नया आवंटन 2051 तक फ्रीज रहेगा। Delimitation (Second) Bill, 2026 | A new provision has been made for an increase of fifty per cent in the number of seats, for the purpose of giving immediate effect to the reservation of seats for women under article 334A of the Constitution.
Since the Delimitation Bill, 2026 is to be replaced by the Delimitation (Second) Bill, 2026, which substantially alters its provisions, it is proposed to withdraw the Delimitation Bill, 2026 pending in Lok Sabha।
पाठक प्रतिक्रियाएं