पहले विफल रहा परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक आज लोकसभा में फिर पेश होगा। सरकार को 371 सांसदों के समर्थन से इसके पारित होने का भरोसा है, जिसमें एससी-एसटी सीटों में 50% वृद्धि भी शामिल है। लोकसभा में आज पेश होगा परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक (फोटो-) परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक आज लोकसभा में पेश होगा।
सरकार को 371 सांसदों के समर्थन से पारित होने का भरोसा। एससी-एसटी आरक्षित सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव। महज सात-आठ महीने पहले संसद की चौखट पार करने में विफल रहे परिसीमन और इससे जुड़े महिला आरक्षण विधेयक को सोमवार को लोकसभा में फिर से पेश किया जाएगा।
इस बार बाजी पूरी तरह पलटी हुई है। संशोधित विधेयक से सहमत दक्षिण के राजनीतिक दलों ने विधेयक पारित होने का रास्ता साफ कर दिया है। सरकार आश्वस्त है कि 371 सांसदों के समर्थन से विधेयक पारित हो जाएगा।
वैसे, संख्या बल से आश्वस्त होने के बावजूद खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्तर से रविवार देर शाम शीर्ष नेताओं की बैठक बुलाई गई और तैयारियों को चाक-चौबंद किया गया। भाजपा और सरकार के रणनीतिकारों की मानी जाए तो जरूरी दो तिहाई बहुमत 360 के मुकाबले लगभग 371 का आंकड़ा तैयार है।
द्रमुक, राकांपा शरद पवार, वाईआरसीपी, बीएमएस जैसे दलों ने खुलकर परिसीमन विधेयक के समर्थन की घोषणा कर दी है। वहीं विपक्ष और आइएनडीआइए के कुछ छोटे दलों से भी आश्चर्यजनक रुख की आशा जताई जा रही है। खासतौर से झामुमो और राजद पर नजर रहेगी।
रविवार को प्रधानमंत्री की बैठक में सभी दलों के साथ आखिरी समय तक संपर्क में रहने और सही जानकारी पहुंचाने को कहा गया है। इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू समेत भाजपा संसदीय कार्यकारिणी के नेता उपस्थित थे।
सोमवार को दिनभर चर्चा के बाद संभवत: मंगलवार को वोटिंग होगी। इसके लिए राजग के सभी दलों ने व्हिप जारी कर दी है। सभी सांसदों को भी सोमवार सुबह संदेश दिया जाएगा।
इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री ने फिर से नारी शक्ति के लिए भाजपा के संकल्प को दोहराया। पीएम ने एक्स पर वह संदेश पोस्ट किया, जिसे अप्रैल में संविधान संशोधन विधेयक गिरने के बाद पहली बार जारी किया गया था। 17 अप्रैल, 2026 को 54 के अंतर से हारने के बाद सरकार दो-तिहाई बहुमत से अधिक सांसदों के समर्थन का दावा कर रही है।
इनमें द्रमुक के 22 और राकांपा (शरद पवार) के आठ सांसद अहम हैं। तृणमूल कांग्रेस से टूटकर नेशनलिस्ट सिटिजन पार्टी ऑफ इंडिया में शामिल 20 सांसद और शिवसेना (उद्धव ठाकरे) से टूटकर शिवसेना में शामिल हुए छह सांसदों ने लोकसभा में संख्या बल का पूरा गणित सरकार के पक्ष में पलट दिया है।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं