Dev Deepawali 2026: वाराणसी में देव दीपावली की तैयारियां बड़े स्तर पर की जा रही हैं। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर काशी के घाटों, गंगा किनारे रेतीले तटों और शहर के सौ से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे। आयोजन को भव्य बनाने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पर खास ध्यान लगातार दिया जा रहा है।
गंगा में नावों की आवाजाही के लिए पहली बार आने और लौटने के अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं। भीड़ पर नजर रखने, यातायात संभालने और आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर होगा। चारों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। नमो घाट से अस्सी घाट तक पहली बार टू-वे लेन सिस्टम लागू होगा।
आने और लौटने वाली नावों के रास्ते अलग रहेंगे, जिससे टक्कर और अव्यवस्था की आशंका घटेगी। 11 लाख से अधिक दीपों में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के बनाए दीपक भी होंगे। 24 नवंबर की शाम दशाश्वमेध घाट पर गंगा महाआरती होगी।
फिर चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो होगा। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो, जबकि धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव घाटों के अलावा शहर के अन्य स्थानों पर भी हो।
घाट क्षेत्र 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बंटेगा। निगरानी के लिए 27 वॉच टावर, ड्रोन कैमरे और त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात होंगे। 21 प्रमुख घाटों पर एंटी रोमियो स्क्वाड रहेगी।
गंगा में एनडीआरएफ, फ्लड पीएसी, जल पुलिस और वाटर एंबुलेंस तैनात होंगी। चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन बनेगा। जाम रोकने को सात बाहरी डायवर्जन प्वाइंट और शहर में 31 जगह पार्किंग की व्यवस्था होगी।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं