कुछ दिन पहले जब भारत के एक पूर्व हॉकी कप्तान एमएम सोमैया के घर से उनका सबसे कीमती मेडल चोरी हुआ तो यह मामला सिर्फ एक सामान्य चोरी तक सीमित नहीं रहा। बेंगलुरु पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए चोरों को पकड़कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। सोमैया के बेंगलुरु स्थित घर से 1980 मॉस्को ओलंपिक का गोल्ड मेडल समेत आठ अंतरराष्ट्रीय मेडल चोरी हो गए थे।
करीब 15 दिनों की जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सभी मेडल बरामद कर लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आठ विशेष टीमें बनाईं। करीब 85 पुलिसकर्मी जांच में लगाए गए।
पुलिस ने 9 नवंबर को रमणगरा जिले के हगलाहल्ली क्रॉस के पास दो आरोपियों को पकड़ा। उनकी पहचान 31 वर्षीय मणिक्या उर्फ मणिकांत और 25 वर्षीय भरत के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक दोनों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की थी।
एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल आरोपियों ने राजाजीनगर की एक कंपनी को बेच दिया था। पुलिस ने वहां से दोनों मेडल बरामद किए, जबकि बाकी छह मेडल और अन्य सामान होस्कोटे स्थित एक आरोपी के घर से मिले। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
बरामद किए गए आठ मेडल में सबसे खास 1980 मॉस्को ओलंपिक का गोल्ड मेडल है। इसके अलावा 1982 एशियन गेम्स का सिल्वर, 1986 सियोल एशियन गेम्स का ब्रॉन्ज और 1982 चैंपियंस ट्रॉफी का ब्रॉन्ज मेडल भी शामिल है। इस संग्रह में इटली के लोयानो टूर्नामेंट का गोल्ड मेडल और 1984 लॉस एंजिल्स तथा 1988 सियोल ओलंपिक के भागीदारी मेडल भी शामिल हैं।
गुरु गोबिंद सिंह की 300वीं जयंती पर मिला एक सिल्वर मेडल भी बरामद हुआ है। यह घटना 28 अक्टूबर की है। एमएम सोमैया अपने परिवार के साथ कर्नाटक के कोडागु स्थित अपने पैतृक स्थान गए हुए थे।
इसी दौरान चोरों ने बेंगलुरु के न्यू थिप्पासंद्रा स्थित उनके घर को निशाना बनाया। पड़ोसी के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध व्यक्ति घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर जाते दिखाई दिए थे। सुबह करीब 7:15 बजे पड़ोसी ने दरवाजा खुला देखा और सोमैया को इसकी जानकारी दी।
घर से आठ मेडल के अलावा सोने-चांदी के सामान, कैमरा, ओलंपिक किट बैग और नकदी भी चोरी हुई थी। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं