केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने संकेत दिया है कि नीट-यूजी 2027 परीक्षा के मोड (सीबीटी या पेन-पेपर) पर अगले 3-4 दिनों में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। नीट-यूजी पर बनी दुविधा जल्द होगी खत्म (फाइल फोटो) जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में । मेडिकल के स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) के अगले संस्करण को लेकर बनी असमंजस की स्थिति जल्द समाप्त हो सकती है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बुधवार को संकेत दिया कि परीक्षा किस मोड में आयोजित की जाएगी, इस पर अगले तीन से चार दिनों में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। ऐसे में लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों को जल्द ही यह पता चल सकेगा कि नीट-यूजी 2027 कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) होगी या पहले की तरह पेन-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के मोड को लेकर यह असमंजस ऐसे समय बना हुआ है, जब फरवरी 2027 से इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। पिछले वर्ष भी नीट-यूजी के लिए आवेदन प्रक्रिया आठ फरवरी से शुरू हुई थी। ऐसे में परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों और अभिभावकों के लिए परीक्षा प्रणाली को लेकर स्पष्ट जानकारी मिलना जरूरी है।
यह बात अलग है कि नीट-यूजी में पेपर लीक की घटना के बाद तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अगले वर्ष से परीक्षा को सीबीटी मोड में कराने का एलान किया था। बाद में स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी इस प्रस्ताव पर सहमति जताई थी। इसके बावजूद अब तक शिक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से स्पष्ट नहीं किया गया है कि परीक्षा किस प्रणाली के तहत होगी।
एनटीए में सुधार के लिए गठित डॉ. राधाकृष्णन समिति ने भी नीट-यूजी को कंप्यूटर आधारित मोड में कराने की सिफारिश की थी। हालांकि, समिति का सुझाव था कि जब तक जरूरी व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार नहीं हो जातीं, तब तक परीक्षा हाइब्रिड मोड में कराई जाए।
समिति ने यह भी सुझाव दिया था कि प्रश्नपत्रों को पहले से छापकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के बजाय परीक्षा शुरू होने से करीब आधे घंटे पहले ईमेल के माध्यम से केंद्रों पर भेजा जाए। इसके बाद परीक्षा केंद्रों पर ही प्रिंटर से प्रश्नपत्र निकालकर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जाए।
इससे गड़बड़ियों को रोकने में मदद मिल सकती है। नीट-यूजी के परीक्षा मोड को लेकर सरकार के सामने एक बड़ी चुनौती ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों की सुविधा भी है। संसदीय समिति ने पेपर लीक प्रकरण के बाद एनटीए के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों को तलब कर परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों की भागीदारी को देखते हुए हाइब्रिड परीक्षा प्रणाली अपनाने का सुझाव भी दिया गया था। ।
पाठक प्रतिक्रियाएं