आईपीएल की दुनिया में अपनी अलग पहचान रखने वाली काव्या मारन अब अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू कर चुकी हैं। सनराइजर्स हैदराबाद की सह-मालकिन काव्या ने मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर के साथ शादी की है। दोनों ने 11 नवंबर को ग्रीस में निजी समारोह में सात फेरे लिए थे।
अब 21 नवंबर को चेन्नई में उनकी ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी आयोजित होने जा रही है, जिसमें क्रिकेट, सिनेमा और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी। काव्या और अनिरुद्ध की रिसेप्शन पार्टी चेन्नई के आईटीसी ग्रैंड चोला होटल में आयोजित होगी। इस समारोह में क्रिकेट जगत के कई चर्चित चेहरे नजर आ सकते हैं।
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन और टीम के पूर्व कोच डेनियल विटोरी चेन्नई पहुंच चुके हैं। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन भी अपने परिवार के साथ एयरपोर्ट पर नजर आए। इनके अलावा तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार महेश बाबू भी अपने परिवार के साथ चेन्नई पहुंचे हैं।
ऐसे में रिसेप्शन में क्रिकेट और फिल्मी दुनिया की कई बड़ी हस्तियों का जमावड़ा देखने को मिल सकता है। इस शादी समारोह को खास बनाने के लिए काव्या के माता-पिता और सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन तथा कावेरी मारन ने देश के कई बड़े राजनीतिक नेताओं को व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण दिया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रित किया। इसके अलावा तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय को भी न्योता दिया गया है।
अनिरुद्ध ने शादी से पहले के समारोहों की तस्वीरें साझा की थीं। इनमें सुपरस्टार रजनीकांत और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी नजर आए थे। अनिरुद्ध ने पोस्ट में दोनों परिवारों को मिले प्यार और आशीर्वाद के लिए आभार जताया था।
।
पाठक प्रतिक्रियाएं